Manika Vishwakarma Wins Miss Universe India 2025: राजस्थान के जयपुर में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें मनिका विश्वकर्मा ने इतिहास रच दिया। भारत को मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मिल गई हैं और इस ताज को जीतने वाली मनिका ही हैं, जो पहले मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का ताज अपने नाम कर चुकी हैं। अब वो 74वें मिस यूनिवर्स जैसे वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाते हुए नजर आने वाली हैं। मनिका राजस्थान के गंगानगर की रहने वाली हैं और दिल्ली में मॉडलिंग करती हैं।
मनिका विश्वकर्मा, मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का ताज जीतने के बाद मॉडलिंग की दुनिया में उतर गई थीं। इसके बाद वो दिल्ली में मॉडलिंग करने लगी थीं। अब मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज जीतने के बाद उनकी और भी जिम्मेदारी बढ़ गई है। इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स कॉन्टेस्ट का हिस्सा होंगी और इस वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसमें 130 देशों की सुंदरियां भाग लेंगी।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब जीतने के बाद मनिका विश्वकर्मा ने खुशी जाहिर की और इसे एक अद्भुत एहसास बताया है। उन्होंने कहा कि ये एक अद्भुत सफर रहा है। मनिका ने अपने टीचर्स, मार्गदर्शकों, माता-पिता, दोस्तों और अपने परिवार का हर चीज़ के लिए शुक्रिया अदा किया। अब उनका लक्ष्य भारत का सर्वोत्तम प्रतिनिधित्व करना और मिस यूनिवर्स का ताज अपने घर लाना है। आपको बता दें कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 के जजेस की बेंच पर उर्वशी रौतेला भी विराजमान रहीं। उनके साथ मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद, फेमस बॉलीवुड स्टाइलिश अश्लेय रोबेलो और फेमस बॉलीवुड राइटर-डायरेक्टर फरहाद सामजी मौजूद थे।
मनिका विश्वकर्मा के बारे में
बहरहाल, अगर मनिका विश्वकर्मा के बारे में बात की जाए तो हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, मनिका राजनीतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र की डिग्री के अंतिम सत्र में हैं। उन्होंने पहले ही प्रेरणा से भरा पोर्टफोलियो तैयार कर दिया है। कम उम्र में उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उनकी प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। वो शास्त्रीय नृत्य में प्रशिक्षित हैं। चित्रकला में पारंगत हैं और विदेश मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित बिम्सटेक सेवोकॉन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्हें ललित कला अकादमी और जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स द्वारा भी सम्मानित किया गया है। इतना ही नहीं मनिका को वकालत में भी गहरी रूचि है। वो न्यूरोनोवा की संस्थापक हैं, जो न्यूरोडाइवर्जेंस पर बातचीत को नया रूप देने के लिए समर्पित एक मंच है। ‘पधारी हमरा अंगना’- यूट्यूब पर छाया अंकुश राजा का भोजपुरी गणेश भजन, बना भक्तों की पहली पसंद