मॉडलिंग इंडस्ट्री के जाने-माने मॉडल और एक्टर मिलिंद सोमन (Milind Soman) बढ़ती उम्र के साथ-साथ और भी फिट होते जा रहे हैं। हालांकि कई सालों से एक्टर ने खुद को बड़े पर्दे से दूर रखा है। वह फिटनेस प्रोग्राम और विज्ञापन में व्यस्त हैं। आखिरी बार उन्हें संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी'(Bajirao Mastani) में नजर आए थी। अब वह एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘लकड़बग्घा’ (Lakadbaggha) में दिखने वाले हैं।

ये फिल्म साल 2023 में आने वाली है। जो भारत के लौह पुरुष पर आधारित है। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को एक पशु प्रेमी विजिलेंटे के बारे में भारत की पहली फिल्म के रूप में माना जा रहा है। जो 13 जनवरी को फिल्म ‘कुत्ते’ के साथ रिलीज हो रही है। फिल्म का मुद्दा काफी अलग और बहुत ही खास है। एक्टर ने कहा कि उन्हें अच्छा लगा कि कैसे क्राव मागा, एक रोमांचक मार्शल आर्ट फॉर्म के रूप में, स्क्रिप्ट में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए अंशुमन ने क्राव मागा में बहुत ट्रेनिंग ली है। इस मार्शल आर्ट को बेहतर दिखाने के लिए विशेष रूप से कोरियोग्राफी की गई है।

बता दें कि इस फिल्म में मिलिंद एक मार्शल आर्ट इंस्ट्रक्टर और अंशुमन के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। उनके लिए फिल्म का शूट शेड्यूल काफी इंटेंस रहा। फिल्म में कई इमोशनल एंगल दिखाए गए हैं, जिन्हें शूट करना मिलिंद के लिए खास रहा। एक्टर ने कहा कि फिल्म में उनका किरदार ऐसा है जो उन्होंने पहले कभी नहीं किया। वह पहली बार पिता का रोल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बंगाली पिता और एक मार्शल आर्ट ट्रेनर का किरदार निभाना बहुत बहुत मजेदार था।

बता दें कि बीते कुछ दिनों पहले ही मिलिंद सोमन एक विज्ञापन में नजर आए थे। जिसके लिए उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। दरअसल सोमन ने बर्तन धोने वाले लिक्विड डिशवॉश का विज्ञापन किया था। जिसमें वह जिम के एक लड़के को बर्तन धोने के लिए आसान तरीका बता रहे थे। इसमें लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया।