बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह को संयुक्त अरब अमीरात में दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीका पर ब्राजील की एक मॉडल के साथ छेड़खानी और उसे अश्लील फोटो भेजने का आरोप है। ब्राजील की 17 साल की एक मॉडल ने शिकायत की थी कि मीका ने उसे एक आपत्तिजनक फोटो भेजी है। रिपोर्ट्स के अनुसार मीका को दुबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। खबर है कि उन्हें दुबई में मुरक्काबात के थाने में रखा गया है।रिपोर्ट्स के अनुसार मीका एक बॉलिवुड परफॉर्मेंस के लिए दुबई में थे। पकड़े जाने के बाद उनके दोस्तों ने उनकी जमानत का भी प्रयास किया।

हाल ही में सोनम कपूर की शादी में सलमान, शाहरुख, रणवीर सिंह, अनिल कपूर, वरूण धवन जैसी कई फिल्मी सितारों के सामने मीका सिंह ने लाइव परफॉर्मेंस दी थी। मीका अपनी लाइव परफॉर्मेंस के अलावा अपनी विवादित पर्सनैलिटी के लिए भी सुर्खियों में रहते हैं। मीका को  साल 2015 में दिल्ली में एक इवेंट में एक डॉक्टर पर हाथ उठाने के लिए भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इससे एक साल पहले यानि 2014 में उनपर हिट ऐंड रन का केस दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मीका ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी से एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी थी। इसके अलावा एक बार पूरी बिजनेस क्लास में अकेले ट्रैवल करने के बाद वे वीडियो बनाते हुए शो ऑफ कर रहे थे। मीका के इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। इससे पहले 2006 में राखी सावंत ने जबरन किस करने के लिए उनपर केस दर्ज कराया था।

PHOTOS: प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी की इनसाइड तस्वीरें आईं सामने