मुंबई। मंगलयान को मंगल की कक्षा में आज सुबह सफलतापूर्वक स्थापित करने वाले क्षण को भारत के लिए ‘गर्व से भरा’ और ‘ऐतिहासिक’ लम्हा बताते हुए अमिताभ बच्चन, लता मंगेश्कर और श्रीदेवी जैसी बॉलीवुड की चर्चित हस्तियों ने इसरो को बधाई दी है।
‘मंगलयान’ की सफलता के साथ भारत ऐसा पहला देश बन गया है, जो अपने पहले ही प्रयास में मंगल तक पहुंच गया है। यूरोपीय, अमेरिकी और रूसी यान मंगल की कक्षा में या मंगल की धरती पर पहुंचने में कामयाब रहे हैं लेकिन वह भी कई प्रयासों के बाद संभव हुआ है।
बच्चन ने कहा कि यह उपलब्धि बहुत बड़ी है क्योंकि पूरे अभियान को हॉलीवुड की किसी फिल्म से भी कम बजट पर संचालित किया गया।
71 वर्षीय बच्चन ने ट्विटर पर पोस्ट किया, ‘‘मंगलयान…भारत माता की जय। ऐतिहासिक। पहले प्रयास में सफलता हासिल करने वाला एकमात्र देश, वह भी हॉलीवुड की किसी फिल्म के बजट से भी कम बजट पर। हमारे वैज्ञानिकों ने वह हासिल किया है, जो दूसरे नहीं कर सके…बधाई, प्यार, स्नेह, अभिनंदन और जय जयकार। एमओएम (मार्स ऑर्बिटर मिशन)’ अंतरिक्ष एजेंसी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन :इसरो: के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए सुर साम्राज्ञी लता मंगेश्कर ने कहा, ‘‘नमस्कार, सभी भारतीयों के लिए यह बहुत गर्व का दिन है। इसरो के हमारे वैज्ञानिकों ने चमत्कार कर दिखाया है।’’
84 वर्षीय गायिका ने कहा, ‘‘भारत का अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक मंगल की कक्षा में पहुंच गया है। मैं सभी वैज्ञानिकों को बधाई देती हूं और उनके परिश्रम एवं समर्पण को सलाम करती हूं। जय हिंद। वंदे मातरम।’’
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि उनकी सुबह की शुरूआत इस शानदार खबर के साथ हुई।
‘हॉलीडे’ फिल्म के स्टार ने कहा, ‘‘मंगलयान की बड़ी खबर के साथ उठा। अब तक का सबसे कम लागत वाला मंगल अभियान। क्या शानदार उपलब्धि है। इसरो को बधाई। भारतीय होने पर गर्व है।’’
‘इंग्लिश विंग्लिश’ की अभिनेत्री श्रीदेवी ने भी ‘मंगलयान’ की सफलता पर अपनी खुशी ट्वीट करके जाहिर की।
श्रीदेवी ने कहा, ‘‘मैं भारत और इसरो को मंगल के सफल अभियान के लिए बधाई देती हूं।’’
अपनी अगली फिल्म ‘हैदर’ के प्रदर्शन का इंतजार कर रहे अभिनेता शाहिद कपूर ने कहा, ‘‘पहले ही प्रयास में ‘मंगलयान’ मंगल पर पहुंच गया। बेहद सम्मान की बात है। भारतीय होने का गर्व है।’’
‘काई पो चे’ के फिल्मकार अभिषेक कपूर ने कहा, ‘‘मंगल मंगल…मंगलयान…इसरो के लिए एक महान उपलब्धि। जय हिंद।’’
गायिका सुनिधि चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘इसरो को बधाई। ’’