मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई घटना से हर कोई आहत है। इस घिनौनी घटना की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोगों ने भी कड़ी निंदा की है। अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा, करीना कपूर, ऋचा चड्ढा, रेणुका शहाणे समेत कई लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों को सजा देने की अपील की। इसके साथ ही लेखक और संगीतकार मनोज मुंतशिर ने भी इस मामले पर ट्वीट कर दुख जताया है। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल कर दिया है।
मनोज मुंतशिर ने दिया लंका का उदहारण तो हुए ट्रोल
मनोज मुंतशिर ने अपने ट्वीट में लिखा,”स्त्री को सरे-आम नग्न करने वाले हाथ एक दिन भारत मां का आंचल भी खींच लेंगे। इन हाथों को रोकना और यदि कानून इजाजत दे, तो तोड़ के फेंक देना जरूरी है। जिस देश मैं स्त्री के स्वाभिमान के लिए लंका फूंक दी गई, महाभारत लड़ी गई, वहां दुराचार का दंड असाधारण होना चाहिए। मुझे न्याय की प्रतीक्षा है।”
मनोज मुंतशिर बीते कई दिनों से फिल्म ‘आदिपुरुष’ के डायलॉग्स को लेकर विवादों में हैं। फिल्म में बजरंग बली के मुंह से लंका को लेकर कुछ आपत्तिजनक डायलॉग्स बोले गए हैं, जिनके कारण मनोज मुंतशिर लोगों के निशाने पर हैं। देश के कई कोनों में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। जिसके बाद मनोज मुंतशिर ने सबसे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी। अपने ट्वीट में भी मनोज ने लंका का उदाहरण दिया है, जिसके कारण उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।
यूजर्स ने किया ट्रोल
मनोज मुंतशिर के ट्वीट पर सोशल एक्टिविस्ट चंदन कुमार ने लिखा,”रहने दो मुंतासीर भाई जान। आप कुछ दिन आराम कर लो और सोशल मीडिया से दूर हो जाओ, अच्छा नहीं लगता है जब अपने ही ट्वीट पर हजारों गालियां सुनते हो। ज्ञान वह व्यक्ति दे रहा है जो चंद सिक्कों की लालच में पूरा का पूरा रामायण को गलत तरीके से दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।”
इसके अलावा तरुण त्रिपाठी ने लिखा,”जिस लंका को जलने की दुहाई आप दे रहे है। उस लंका को हमारे आराध्य भगवान हनुमान ने जलाया था। और उन्ही भगवान राम और हनुमान का मजाक आप महज कुछ पैसो के लिए उड़ाए।।। आप भी उस समाज का हिस्सा है जो अपने देश,संस्कृत और सभ्यता को महज चन्द सिक्को के लिए बेच सकता है। ज्ञान देने के लिए धन्यवाद।”