राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक महिला की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। महिला को पेड़ से बांधकर यातनाएं दी जा रही है। महिला दर्द के मारे चिल्ला रही है और एक शख्स उसकी डंडे से पिटाई कर रहा है। इस वीडियो को देखकर जहां राजस्थान सरकार पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं तो वहीं गीतकार मनोज मुंतशिर भी भड़क गये!

वायरल वीडियो देखकर भड़के मनोज मुंतशिर

मनोज मुंतशिर ने वीडियो पर लिखा है कि “ये है उस देश में स्त्रियों की दुर्दशा, जहां नारी को देवी कहते हैं। मेरा सिर शर्म से झुक गया है, पुरुष होने पर लज्जित हूं। प्रार्थना करूंगा कि शासन और प्रशासन भी इस लज्जा का कुछ अंश महसूस करे और इस पुरुष रूपी जानवर को न्याय के पिंजरे तक पहुंचाएं!’

अमित मालवीय ने कसा तंज

भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने लिखा कि ‘राजस्थान के बांसवाड़ा में एक महिला के साथ अत्याचार की पराकाष्ठा हो गयी, अशोक गहलोत सरकार में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं और हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। सारा समय गांधी परिवार की चाकरी करने वाले अशोक गहलोत को प्रदेश की सुध लेनी चाहिए।’ 

आम लोगों की प्रतिक्रियाएं

लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने प्रियंका गांधी को टैग कर सवाल पूछा, ‘राजस्थान के बांसवाड़ा में एक महिला के साथ अत्याचार की पराकाष्ठा देखिए, यही है लड़की हूं लड़ सकती हूं?’ एन आर कदम नाम के यूजर ने लिखा कि ‘इस घटना को कांग्रेस शासित राज्य की घटना कह कर मुद्दे को हल्का न करें। ऐसे जानवर हर राज्य में, हर वर्ग में और हर धर्म में पाए जाते हैं। बहुत सारी महिलाएं धर्म, शर्म, मर्यादाओं और बच्चों के कारण ऐसे जाहिलों को सहन करती रहती हैं।’

देखिए वीडियो

अरविंद कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि ‘माननीय मुख्यमंत्री जी, क्या अपने राज्य में नारियों की भयावह स्थिति को देख कर विचलित नहीं होते? आज सिर्फ आदेश से काम नहीं चलेगा। इस महिला की स्थिति क्या है और दोषियों की सजा क्या है, दोनों का जवाब दीजिए!’ अरविन्द कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आज देश में अगर नारी की स्थिति ऐसी है तो हमने क्या ख़ाक तरक्की की? गहलोत सरकार को तत्काल करवाई करनी चाहिए और वो महिला कैसी है ये भी बताना चाहिए।’\

घटना पर पुलिस का बयान

बता दें कि मिली जानकारी के मुताबिक, महिला की पिटाई कर रहा युवक उसका पति ही है। परिजनों ने महिला को एक युवक के साथ घूमते हुए देखा तो वो आगबबुला हो गये और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले पर बांसवाड़ा पुलिस ने जानकारी दी है कि इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।