विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ रिलीज के बाद औरंगजेब से भारतीय लोगों की नफरत काफी बढ़ गई है। लोगों में उसके प्रति काफी गुस्सा भर गया है। ‘छावा’ इंडियन बॉक्स ऑफिस पर कमाल का प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में अब औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। लोग सोशल मीडिया पर खुलकर बिना हिचकिचाते हुए अपनी बातें रख रहे हैं। ऐसे में अब राइटर मनोज मुंतशिर ने भी इस मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने इस विवाद के बारे में बात की और सीधे शब्दों में अपने विचार सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रखे।

‘छावा’ की रिलीज के बाद औरंगजेब की कब्र को लेकर शुरू हुए विवाद पर मनोज मुंतशिर ने ट्विटर पर अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने मन की बात कही है। इसमें वो कहते हैं, ‘आज देश में एक आवाज उठ रही है कि महाराष्ट्र में बनी औरंगजेब की कब्र हटनी चाहिए। मैं कहता हूं कि नहीं हटनी चाहिए। क्यों नहीं हटनी चाहिए? जब हम हिंदू राम जन्मभूमि पर श्रीराम का मंदिर बना रहे थे तो कुछ लोग हमें ज्ञान दे रहे थे कि भगवान तो कण-कण में हैं फिर मंदिर की जरूरत क्या?’

इतना ही नहीं, मनोज मुंतशिर आगे कहते हैं, ‘मैं भी भारत सरकार से विनती करता हूं। औरंगजेब की कब्र हटाने की जरूरत क्या है, उसके ऊपर शौचालय बनवा दो। आखिर उस हत्यारे के लिए यूरिया और नमक तो हम सनातनी दान कर ही सकते हैं।’ वो आगे हिंदू विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहते हैं, ‘जो लोग ये कहने वाले हैं कि हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं है। बड़ी विनम्रता से बता दूं कि हमारे बाप का हिंदुस्तान था और है।’

रणवीर इलाहाबादिया विवाद पर भी बोले थे मनोज मुंतशिर

राइटर मनोज मुंतशिर कोई पहली बार किसी सामाजिक मुद्दे या विवादों पर खुलकर राय नहीं रखी है बल्कि इसके पहले भी वो कई मामलों पर खुलकर विचार रख चुके हैं। वो अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। इसके पहले हाल ही में रणवीर इलाहाबादिया के विवादित कमेंट पर भी अपने विचार रखे थे और इसकी निंदा की थी। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा था कि ये कॉमेडी का वो स्तर है, जिसने मानवता को गिरा दिया है। उन्होंने इसे वायरस बताते हुए कहा था कि कोविड से भी खतरनाक वायरस मोबाइल फोन्स में घुस गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पेरेंट्स को इस तरह के कंटेंट से सावधान रहने की सलाह भी दी थी। साथ ही इसके खिलाफ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी।

क्या कहता है ‘छावा’ का बॉक्स ऑफिस?

इसके अलावा अगर विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ के बॉक्स ऑफिस की बात की जाए तो इसकी रिलीज को 25 दिन का वक्त हो चुका है और ये फिल्म आज भी बॉक्स ऑफिस पर अपना झंडा बुलंद किए हुए है। फिल्म ने 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। सैकनिल्क की मानें तो मूवी ने कुल 526.05 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। इसकी कमाई अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही है। ये विक्की के करियर की सबसे बड़ी हिट और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।

‘बॉलीवुड का पतन हो रहा है’, विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास, बोले- ‘नए एक्टर्स को हिंदी बोलनी नहीं आती’