Maniesh Paul Akshay Kumar Fight: टीवी एक्टर और होस्ट मनीष पॉल (Manish Paul) अपनी कॉमेडी और चुलबुले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। अब वो टीवी के बाद ओटीटी पर भी अपनी एक्टिंग जलवे बिखेर रहे हैं। हाल ही में उनकी वेब सीरीज ‘रफूचक्कर’ रिलीज की गई थी। इसमें उनके अभिनय की सभी ने जमकर तारीफ की थी। इसी बीच अब एक्टर ने अक्षय कुमार को लेकर खुलासा किया है कि एक बार उनकी मां उनका लाइव शो देखने के लिए आई थी। इसी दौरान खिलाड़ी कुमार ने उनकी बेइज्जती कर दी थी। एक्टर ने शो होस्ट को चुप करवा दिया था। जानिए मामला…
दरअसल, मनीष पॉल ने हाल ही में ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को इंटरव्यू दिया। इस दौरान उन्होंने अक्षय कुमार से जुड़े इस किस्से का जिक्र किया और कहा कि ‘उन्हें काफी शर्मिंदगी महसूस हुई थी।’ मनीष ने बताया कि ‘जब वो शुरुआत में अवॉर्ड शोज होस्ट करते थे तो एक बार उनके साथ स्टेज पर अक्षय कुमार आए थे। इस दौरान उन्होंने उनसे एक सवाल किया था। हालांकि, उन्होंने उसका जवाब नहीं दिया था मगर उनके पर चिल्ला जरूर पड़े थे और उन्हें चुप रहने के लिए कहा था। उस समय मनीष को अक्षय का ऐसा व्यवहार देखकर काफी बुरा लगा था। क्योंकि इस अवॉर्ड शो में उनकी मां पहली बार उनका काम देखने के लिए आई थीं और स्टेज पर उनकी बेइज्जती हो गई थी।’
फिर भी अक्षय का नहीं छोड़ा पीछा
मनीष पॉल भी अक्षय कुमार की फटकार के बाद भी नहीं माने। वो बताते हैं कि ‘तब वो इस बात को समझ चुके थे कि ये बात या तो करियर खत्म कर सकती है या फिर एक नई शुरुआत, इसलिए उन्होंने भी फ्लो के साथ बहना शुरू कर दिया था। उन्होंने अक्षय से फटकार खाने के बाद भी उनका पीछा नहीं छोड़ा। मनीष ने उनकी सीट तक पीछा किया। उस दौरान बात थोड़ी बिगड़ गई थी लेकिन अक्षय कुमार ने बाद में ये क्लियर जरूर किया था कि वो सिर्फ मजाक कर रहे थे।’
बहरहाल, अगर मनीष पॉल की वेब सीरीज ‘रफूचक्कर’ की बात की जाए तो वो इस वक्त ओटीटी पर धमाल मचा रही है, जिसे एक्टर के फैंस खूब पसंद भी कर रहे हैं।