CineGram: ‘राम तेरी गंगा मैली’ फिल्म सुपरहिट हुई थी, मंदाकिनी इस फिल्म से हर तरफ चर्चा बटोर रही थीं। फिल्म सफल हुई तो राज कपूर के घर फिल्म की सक्सेस पार्टी हुई। इसी पार्टी में कुछ ऐसा हुआ कि मंदाकिनी ने ऋषि कपूर के साथ काम न करने की कसम खा ली। दरअसल, राज कपूर अमेरिका से स्वस्थ होकर भारत लौटे थे और उसी वक्त राम तेरी गंगा मैली हिट हुई थी, तो कपूर परिवार ने एक बड़ी पार्टी रखी। इस पार्टी में राम तेरी गंगा मैली की एक्ट्रेस मंदाकिनी अपने पिता के साथ शामिल हुईं। उस पार्टी में कपूर खानदान के करीबी और फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े चेहरे शामिल हुई थे, पार्टी बहुत बड़ी नहीं थी। अचानक लोगों ने देखा कि मंदाकिनी के पिता और ऋषि कपूर के बीच झगड़ा हो रहा है। ऋषि कपूर के ममेरे भाई मोंटी प्रेमनाथ आगे आए और ऋषि कपूर को दूर ले गए, सब हैरान थे कि ऐसा क्या हो गया कि ऋषि कपूर, मंदाकिनी के पिता पर भड़क गए।

यूट्यूब चैनल किस्सा टीवी के एक वीडियो के मुताबिक अगर मोंटी प्रेमनाथ बीच में न आते तो शायद दोनों की हाथापाई भी शुरू हो जाती। दरअसल मंदाकिनी के पिता ऋषि कपूर से नाराज थे, उन्हें लग रहा था कि ऋषि कपूर ने राज कपूर से कहकर मंदाकिनी को हिना फिल्म से बाहर निकलवाया है। वहीं ऋषि कपूर ने मंदाकिनी के पिता को राज कपूर के कमरे से तेजी से बाहर आते देखा था, उन्हें गलतफहमी हुई कि मंदाकिनी के पिता ने कहीं उनके पिता के साथ बदसलूकी तो नहीं की। इसी वजह से ऋषि उनपर गुस्सा निकाल रहे थे। हालांकि बाद में ऋषि कपूर को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने अपनी गलती मानी भी। मगर मंदाकिनी को ऋषि कपूर की इस हरकत पर काफी गुस्सा आया और वो बहुत दुखी हुईं। उन्होंने कसम खा ली कि वो कभी ऋषि कपूर के साथ किसी फिल्म में काम नहीं करेंगी।

उस वक्त मंदाकिनी और ऋषि कपूर ने साथ में एक फिल्म साइन की हुई थी जिसका नाम था ‘हवालात’। मंदाकिनी ने फैसला कर लिया कि वो इस फिल्म में काम नहीं करेंगी। मंदाकिनी ने वो फिल्म छोड़ने का ऐलान कर दिया। ऋषि कपूर ने मंदाकिनी को मनाने की कोशिश की मगर मंदाकिनी एक्टर से बात करने को भी तैयार नहीं थीं। जब ऋषि कपूर ने बहुत कोशिश की और कई बार माफी मांगी तो मंदाकिनी अपना गुस्सा भूलकर फिल्म में काम करने को तैयार हो गईं।

बात करें मंदाकिनी की फिल्म राम तेरी गंगा मैली की तो ये फिल्म 16 अगस्त 1985 को रिलीज़ हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। मंदाकिनी का झरने में नहाने वाले सीन की खूब चर्चा थी। डेढ़ करोड़ के बजट में बनी राम तेरी गंगा मैली ने 19 करोड़ रुपए की बंपर कमाई की थी। राज कपूर की निर्देशक के तौर पर ये आखिरी फिल्म थी। राज कपूर ने हिना फिल्म का प्लान तो बनाया था मगर फिल्म शुरू होने से पहले ही उनकी डेथ हो गई। बाद में रणधीर कपूर ने ये फिल्म पूरी की थी।