Akkineni Nagarjuna Cancelled Maldives Trip: साउथ के सुपरस्टार एक्टर अक्किनेनी नागार्जुन (Akkineni Nagarjuna) को लेकर खबर सामने आ रही है कि उन्होंने मालदीव की ट्रिप कैंसिल कर दी है। उन्होंने ये बड़ा फैसला मालदीव और लक्षद्वीप विवाद के बीच लिया है। इस कॉन्ट्रोवर्सी के बाद मालदीव के राष्ट्रपति लगातार भारत को बिना नाम लिए अपनी अकड़ दिखाते नजर आ रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड और साउथ सेलेब्स पीएम मोदी के समर्थन में अपने विचार रख रहे हैं। अब तेलुगू एक्टर नागार्जुन ने अपनी मालदीव ट्रिप को कैंसिल कर दिया है। उन्होंने लक्षद्वीप का सपोर्ट किया है और वहां जाने की बात कही है।
दरअसल, अक्किनेनी नागार्जुन वेकेशन के लिए मालदीव जाने वाले थे। लेकिन, अब उन्होंने अपनी ये ट्रिप कैंसिल कर दी है। एक्टर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो ट्रिप को कैंसिल करने और लक्षद्वीप जाने की बात कह रहे हैं। नागार्जुन ने म्यूजिक कंपोजर एमएम कीरावनी के साथ मालदीव को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें 17 जनवरी को मालदीव छुट्टियां मनाने के लिए जाना था। क्योंकि वो अपने परिवार के साथ ज्यादा समय नहीं निकाल पाए थे। वो ‘बिग बॉस’ और ‘ना सामी रंग’ के लिए 75 दिनों तक बिना ब्रेक लगातार शूटिंग करते रहे थे, जिसके बाद मालदीव वेकेशन के लिए जाने वाले थे।
नागार्जुन बोले- ‘कीमत तो चुकानी पड़ेगी…’
ऐसे में अब नागार्जुन भी ‘बायकॉट मालदीव’ कैंपेन का हिस्सा बन गए हैं। अब वो अपनी मालदीव ट्रिप को कैंसिल कर लक्षद्वीप जाने का प्लान कर रहे हैं। एक्टर ने कहा कि वो अगले हफ्ते वहां वेकेशन के लिए जाने की प्लानिंग कर रहे हैं। इसके साथ ही साउथ सुपरस्टार ने बताया कि वो अक्सर हॉलिडे के लिए मालदीव जाते रहे हैं और उस समय इस तरह का कोई विवाद नहीं था। अब जब स्थिति बदली तो उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया। पीएम मोदी पर मालदीव के मंत्रियों की टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि ये आपत्तिजनक थी और इसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी। नागार्जुन कहते हैं कि पीएम मोदी 1.5 अरब लोगों के नेता हैं और दुनिया भर में उनका बहुत सम्मान किया जाता है।
पीएम के ट्वीट के बाद शुरू हुआ तनाव
अब अगर भारत और मालदीव के तनाव के बारे में बात की जाए तो इसकी शुरुआत तब हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप दौरे के लिए गए थे। यहां से उन्होंने एक्स यानी कि ट्विटर पर अपनी कुछ तस्वीरों को शेयर किया था। इसे साझा करने के साथ ही पीएम ने देशवासियों से अपील की थी कि वो इस केंद्र शासित प्रदेश में जरूर घूमने जाएं। इसके बाद मालदीव के कुछ नेताओं द्वारा इन तस्वीरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी गई थी, जिसके बाद से विवाद बढ़ता चला गया और ये तनाव अब कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि, टिप्पणी के बाद मालदीव के तीन नेताओं को निलंबित कर दिया गया था।