मुकेश खन्ना का सोनाक्षी सिन्हा पर कटाक्ष और विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। ‘शक्तिमान’ औऱ महाभारत में ‘भीष्म पितामह’ का किरदार निभाने वाले मुकेश खन्ना ने शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा पर रामायण ज्ञान को लेकर तंज कसा था। इस पर अब महाभारत के ‘दुर्योधन’ यानी पुनीत इस्सर का भी बयान सामने आया है। पुनीत इस बीच एक्टर मुकेश खन्ना को करारा जवाब देते और सोनाक्षी सिन्हा का बचाव करते नजर आए।
पुनीत ने इस बीच मुकेश खन्ना के लिए कहा कि ‘उन्हें नर्म होने की जरूरत है। फल लगते हैं तो पेड़ को झुक जाना चाहिए।’ स्पॉटबॉय के मुताबिक पुनीत ने कहा- मुकेश खन्ना को सोनाक्षी सिन्हा के बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए। वह आर्य विद्या मंदिर से पढ़ी हैं और मेरे बच्चे भी वहीं से पढ़े हैं। अगर केबीसी शो में वह रामायण से जुड़े एक सवाल का सही जवाब नहीं दे पाई, इससे ये साबित नहीं होता कि उन्हें कुछ नहीं पता या दुनिया ही खत्म हो गई।’
एक्टर ने आगे कहा- आखिर ऐसे खुलकर आलोचना क्यों की जा रही है। यह मरे अपने विचार हैं मेरी व्यक्तिगत राय। उन्होंने एकता कपूर के खिलाफ भी बोला है। किसी का भी महाभारत पर कॉपीराइट नहीं है, कि सिर्फ एक ही बना सकता है।’
उन्होंने आगे कहा- साजिद नाडियाडवाला ने भी महाभारत फिल्म बनाई थी जो कि सुपरहिट साबित हुई थी। इस उम्र में उन्हें विनम्र होने की जरूरत है। फल लगते हैं तो पेड़ को झुक जाना चाहिए।’
बता दें, सोनाक्षी सिन्हा ने अमिताभ बच्चन के गेम शो कौन बनेगा करोड़पति में रामायण से जुड़े एक सवाल का गलत जवाब दे दिया था। उस वक्त सोनाक्षी बुरी तरह से ट्रोल हो गई थीं। इसके बाद कोरोना वायरस के चलते देश में लॉकडाउन होने के बाद से रामायण का प्रसारण दूरदर्शन पर फिर शुरू हुआ। जिसको लेकर एक्टर मुकेश खन्ना ने कहा था कि कुछ लोगों के लिए रामायण का दोबारा प्रसारण उपयोगी है।