Mahabharat: महाभारत में द्रौपदी ‘चीर हरण’ सबसे महत्वपूर्ण घटना है। अगर ये घटना न होती तो बात आगे पहुंचती ही नहीं औऱ न ही पांडवों औऱ कौरवों के बीच कभी युद्ध होता। लेकिन ऐसा हुआ औऱ इस घटना को टीवी सीरियल महाभारत में भी दर्शाया गया। इस शो में किरदार निभाने वाले एक्टर्स ने अपनी एक्टिंग के जरिए लोगों को विश्वास दिला दिया था कि वह कैरेक्टर असली हैं।

‘पांडव’ हों या ‘कौरव’ या फिर ‘द्रौपदी’, सभी ने अपने किरदार को बड़ी ही शिद्दत से निभाया। इतना ही नहीं कई बार तो शो को शूट करते करते ऐसा भी हुआ कि संवाद बोलते-बोलते या अदाकारी के बाद कलाकार रो पड़े हों। बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत’ का ‘चीर हरण’ सीन बहुत जबरदस्त था। उस सीन में इतना दर्द था कि दर्शकों ने रोते-रोते इस सीन को सीरियल में देखा था।

वहीं इस सीन में दौपदी का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस रूपा गांगुली भी अपने किरदार में ऐसे रच बस गई थीं कि वह सीन करने के बाद बहुत रोई थीं। मेकर्स के मुताबिक शो में चीर हरण सीक्वेंस को एक ही बारी में पूरा शूट कर लिया गया था। इस दर्दनाक सीन को पूरा करने के बाद रूपा गांगुली फूट फूट कर रोने लगी थीं। ऐसे में उन्हें चुप कराते कराते लोगों को आधा घंटा गुजर गया था। द्रौपदी के चीर हरण के सीन में साड़ी वाले शॉट के लिए मेकर्स ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड वालों से बात कर 250 मीटर साड़ी का प्रबंध किया था। यह साड़ी का पूरा एक रोल था।

यह शो दर्शकों के दिलों के बेहद करीब था, टीवी इतिहास में इस शो के जैसा और कोई कामयाब शो नहीं रहा। इस वक्त इसे डीडी 1 पर लॉकडाउन के चलते दोबारा प्रसारित किया जा रहा है। जिसे दर्शक अपने खाली समय में देखना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में शो की टीआरपी आज भी काफी अच्छी जा रही है। महाभारत सीरियल में दुर्योधन की भूमिका पुनीत इस्सर ने निभाई थी। शो में जितने भी निगेटिव किरदार वाले एक्टर्स थे उनके साथ कई बार ऐसा हुआ जब ऑडियंस ने उन्हें सीरियस भी लिया हो।