Lok Sabha Election 2019: भोपाल से बीजेपी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा के विवादित बयान पर एक मुस्लिम एक्ट्रेस ने प्रतिक्रिया दी है। मालेगांव ब्लास्ट केस में बेल पर बाहर आईं साध्वी प्रज्ञा ने एक्टर कमल हासन के एक बयान के जवाब में कहा था कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त ही रहेंगे। उनको आतंकी कहने वाले लोगों ने अपना गिरेबां में झांक कर नहीं देखा है। ऐसे लोगों को जनता चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देगी।
हालांकि बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा के इस बयान पर कन्नी काट ली है और इसके बाद प्रज्ञा ने प्रदेश अध्यक्ष से माफी भी मांगी। प्रज्ञा ने कहा कि उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया है। अब जानी-मानी एक्ट्रेस गौहर खान ने साध्वी प्रज्ञा के बयान वापस लेने पर तंज कसा है। एक ट्वीट में गौहर ने लिखा- ‘चलो बच्चों, सभी खुश हो जाओ। माफी मांग ली है, सॉरी बोल दिया, लेकिन चुनाव तो फिर भी लड़ेंगे।’ गौहर के इस ट्वीट को स्वरा भास्कर ने शेयर किया है।
बता दें कि गौहर खान अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात बेबाकी से रखती आई हैं। गौहर अक्सर सरकार की गलत नीतियों की आलोचना करती रही हैं। इसके पहले भी साध्वी प्रज्ञा अपने बयानों के कारण विवादों में घिर चुकी हैं। साध्वी ने कुछ वक्त ही मुंबई हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे को लेकर एक विवादित बयान दिया था। साध्वी के इस बयान से बीजेपी ने पल्ला झाड़ लिया था। इसके बाद साध्वी प्रज्ञा ने अपना बयान वापस ले लिया था। करियर की बात करें तो गौहर खान अपने शो ‘परछाई’ को लेकर सुर्खियों में हैं। यह शो मशहूर लेखक रस्किन बॉन्ड की हॉरर कहानियों पर आधारित है।