गायिका आशा भोसले ने एक बार अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर को लेकर बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि एक बार उनकी दिवंगत बहन लता मंगेशकर ने लाखों डॉलर का ऑफर मिलने के बावजूद भी शादी में गाने से इनकार कर दिया था।
लता मंगेशकर का 2022 में 92 साल की उम्र में मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण निधन हो गया था। लेकिन आज भी लोग उनकी सुरीली आवाज के लिए उन्हें याद करते हैं। डांस रिएलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस लिल मास्टर 5’ में आशा भोसले ने लता के उसूलों के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था,”उन्हें एक शादी में गाने के लिए 1 मिलियन डॉलर ऑफर हुए थे। उन्होंने कहा था,’सिर्फ दो घंटे दर्शन दीजिए’।” इसपर लता ने कहा था कि आप मुझे 5 मिलियन डॉलर भी देंगे तो भी मैं नहीं आऊंगी।
आशा ने ये कहानी लता दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड में भी सुनाई थी। जहां उन्होंने कहा था,”किसी ने हमें एक शादी के लिए आमंत्रित किया था। उनके पास मिलियन डॉलर या पाउंड के टिकट थे। उन्होंने कहा कि वे आशा भोंसले और लता मंगेशकर को चाहते हैं। दीदी ने मुझसे पूछा, ‘क्या तुम शादी में गाओगी?’ मैंने कहा कि मैं नहीं गाऊंगी और फिर उन्होंने शख्स से कहा, ‘अगर आप 10 करोड़ डॉलर की पेशकश करेंगे तो भी हम नहीं गाएंगे, क्योंकि हम शादियों में नहीं गाते हैं।’ व्यक्ति बहुत निराश था।”
कंगना रनौत ने आशा के इस खुलासे पर रिएक्ट किया था और लता मंगेशकर को बहुत प्रेरणादायक बताया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था,”सहमत!!! यहां तक कि मैंने कभी भी शादियों या निजी पार्टियों में डांस नहीं किया, भले ही मेरे पास सबसे लोकप्रिय गाने हैं… बहुत अधिक पैसे मिलने से इनकार कर दिया… वीडियो देखकर खुशी हुई… लता जी वास्तव में बहुत प्रेरणादायक हैं।”
अंबानी परिवार के लिए रिकॉर्ड किया था गायत्री मंत्र
ईशा अंबानी और आनंद पीरामल की शादी के लिए, लता मंगेशकर ने जोड़े के लिए एक विशेष संदेश के साथ, गायत्री मंत्र और एक गणेश स्तुति रिकॉर्ड की थी। उनकी रिकॉर्डिंग गुजराती और हिंदू वैदिक रीति रिवाज के दौरान बजाई गई थी।