किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने थिएटर और फिर ओटीटी पर खूब पसंद की गई और अब ये विदेश में भी धमाल मचाने के लिए तैयार है। Laapataa Ladies अब जापान में रिलीज होने के लिए तैयार है। 4 अक्टूबर को फिल्म जापान के सिनेमाघरों में लगने वाली है। इस बात से फिल्म की डायरेक्टर किरण राव काफी खुश हैं।
किरण राव ने कहा है कि वो काफी एक्साइटेड हैं। ये उनके लिए काफी खास पल है, क्योंकि जापान के कल्चर में उन्हें हमेशा से रुचि रही है। किरण राव को उम्मीद है कि उनकी ये फिल्म जापान के दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि ये फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है और इसका नए दर्शकों तक पहुंचना बहुत जरूरी है। साथ ही उन्होंने फिल्म को ग्लोबल स्तर तक पहुंचाने के लिए जियो स्टूडियो और आमिर खान प्रोडक्शंस का धन्यवाद किया।
बता दें कि ये फिल्म 1 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर 75 लाख का बिजनेस किया था। महज 4 से 5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में कुल 24 करोड़ और वर्ल्डवाइड 25.26 करोड़ का बिजनेस किया। इसके बाद 26 अप्रैल को फिल्म ओटीटी के नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई।
‘लापाता लेडीज’ को रिलीज के एक महीने में ही नेटफ्लिक्स पर 13.8 मिलियन बार देखा गया। इसकी IMDb रेटिंग की बात करें तो Laapataa Ladies को 8 रेटिंग मिली है।
फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म क्रिटिक्स के भी अच्छे रिव्यू मिले थे। फिल्म स्टार्स ने भी इस फिल्म की जमकर तारीफ की थी। इसका एक-एक किरदार दर्शकों को खूब पसंद आया। फिल्म का निर्माण आमिर खान और किरण राव ने मिलकर किया था।