कुनिका सदानंद इस वक्त ‘बिग बॉस 19’ में नजर आ रही हैं, इससे पहले वो अपने इंटरव्यू को लेकर चर्चा में आई थीं। जिसमें उन्होंने अपने अफेयर के बारे में खुलकर बात की थी। कुनिका ने अपने और सिंगर कुमार सानू के लिव-इन रिलेशन का भी खुलासा किया था। अब एक्ट्रेस के बेटे अयान लाल ने अपनी मां के रिश्तों पर बात करते हुए बताया कि जिस वक्त उनकी गर्लफ्रेंड थीं, उसी वक्त उनकी मां के भी बॉयफ्रेंड थे।

कुनिका सदानंद के बेटे अयान लाल ने बताया कि वो दोनों एक ही समय में रिलेशनशिप में थे और इसी वजह से उनके बीच गहरी दोस्ती हुई। अयान ने एक इंटरव्यू में गायक कुमार सानू के साथ उनके बहुचर्चित अफेयर को याद करते हुए कहा, “जब मेरी गर्लफ्रेंड थीं, तब मेरी मां के बॉयफ्रेंड थे।” उन्होंने बताया कि ये अफेयर 27 साल तक नहीं चला, जैसा कि हाल ही में खबरें आई हैं, बल्कि उनकी मां की उम्र 27 साल थी जब ये शुरू हुआ था। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उस समय उनका जन्म नहीं हुआ था, लेकिन उन्हें इस अफेयर के बारे में बहुत बाद में पता चला। उन्होंने कहा कि वो कुमार सानू से कभी नहीं मिले, लेकिन उनके बेटे जान के साथ समय बिताते हैं।

सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में, अयान ने अमेरिका में रह रहे अपने पिता से तलाक के बाद अपनी मां की डेटिंग लाइफ के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अलगाव के बाद वो बहुत अकेली थीं और उन्हें किसी साथी की सख्त जरूरत थी। उनकी जिंदगी में कई पुरुष आए और अच्छे नोट पर उनके रिश्ते खत्म हुए। अयान ने कहा, “उनमें से कुछ अच्छे पति जैसे थे, तो कुछ अच्छे पिता जैसे।” लेकिन आखिरकार, किसी के साथ भी बात नहीं बनी।”

कुमार सानू संग मां के रिश्ते पर क्या बोले अयान?

अयान से उनकी मां और कुमार सानू के अफेयर के बारे में भी पूछा गया, और उन्होंने कहा कि जहां तक उन्हें पता है, ये एक टॉक्सिक रिश्ता था। जब अयान से पूछा गया कि उन्हें इस अफेयर के बारे में कब पता चला, तो उन्होंने कहा, “जब मैंने देखा कि वो घर पर सारा दिन उनके गाने गाती रहती हैं। मैं मजाक कर रहा हूं। लेकिन वो असल में उन्हें एक गायक के तौर पर बहुत पसंद करती हैं। वो अब भी उनके गाने गाती हैं। लोग कह रहे हैं कि ये अफेयर 27 साल तक चला, लेकिन उन्होंने असल में यही कहा था कि जब ये हुआ तब उनकी उम्र 27 साल थी। ये कुछ साल चला, और उन्होंने 35 साल की उम्र में उन्होंने मुझे जन्म दिया।”

अयान ने आगे कहा, “वो कलाकार को बहुत प्यार करती हैं। मैं वादा कर सकता हूं कि अब वो उस आदमी से प्यार नहीं करती और मेरी मां जुनूनी किस्म की नहीं हैं। ये कोई अहंकार की बात नहीं है। जब मैंने उन्हें गूगल किया और उनके बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, ‘वे मेरे जीवन में एक बहुत ही महत्वपूर्ण व्यक्ति थे। मैं उन्हें अपना जीवनसाथी मानती थी और हर किसी को अपने जीवन में एक बार इस तरह के प्यार का अनुभव जरूर करना चाहिए। ये टॉक्सिक था, बहुत ज्यादा टॉक्सिक था।”

कुनिका ने खुद किया था खुलासा

कुछ महीने पहले ही कुनिका ने सिद्धार्थ कनन के साथ खास बातचीत में अपने और कुमार सानू के रिश्ते के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया कि उस समय कुमार सानू अपनी पत्नी रीता के साथ ‘बहुत मुश्किल रिश्ते’ में थे। “मैं उनके लिए पत्नी जैसी थी, मैं उन्हें अपने पति की तरह मानती थी।” उन्होंने आगे कहा, “उनकी पत्नी ने हॉकी स्टिक से मेरी कार तोड़ दी थी। वो मेरे घर के बाहर आकर चिल्लाती थीं। लेकिन मैं उन्हें समझती थी। वो अपने बच्चों के लिए पैसे चाहती थीं, वो गलत नहीं थीं। उन्होंने कहा था कि वो उन्हें वापस नहीं चाहतीं।”

कुनिका ने हाल ही में ‘बिग बॉस’ में भी इस अफेयर पर फिर से बात की और बताया कि ये रिश्ता पांच साल तक चला और जब उन्हें पता चला कि वो उन्हें धोखा दे रहे हैं, तो वे अलग हो गए। उन्होंने कहा, “वो शादीशुदा था, अपनी पत्नी से अलग हो गया था और हम लिव-इन रिलेशनशिप में थे। उस समय मेरी शादी नहीं हुई थी, हम लिव-इन में रह रहे थे, लेकिन फिर उसका किसी और लड़की के साथ अफेयर हो गया। जब उसने मुझे धोखा देने की बात स्वीकार की, तो मैंने उसे छोड़ दिया।” हालांकि उन्होंने बिना नाम लिए ये खुलासा किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…