बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और साउथ एक्टर सुदीप किच्चा के बीच हिंदी को लेकर शुरू हुई बहस पर सियासी घमासान मच गया है। साउथ के कई नेताओं ने अजय देवगन की खिंचाई की है। इसी बीच मशहूर कवि कुमार विश्वास का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो कह रहे हैं कि अगर आप चाहते हैं कि साउथ के लोग आपको पढ़ें तो आपको भी उन्हें पढ़ना होगा…जानना और समझना होगा।

वीडियो में कुमार विश्वास कह रहे हैं,” हिंदी वाले अगर चाहते हैं कि आपको दक्षिण में पढ़ा जाए तो ये जरूरी है कि आप भी तिरुवल्लुवर को पढ़ें। हम बात करते हैं हिंदी और अंग्रेजी के सामंजस्य की लेकिन हमारी देशी भाषाओं में ही सामंजस्य नहीं है। हिंदी में वर्चस्व है बड़ी मां का, बाकी भाषाएं ये छोटी मौसियां हैं जो गरीब घरों में ब्याही गई हैं। ये क्या बात है?”

कुमार विश्वास ने वीडियो में एक पुराने वाकये को करते हुए बताया था कि उन्होंने कई साल पहले NIT दुर्गापुर में एक शो किया था। जहां उनसे कहा गया था कि पैसे कम ले लो, यहां बांग्ला लोगों का ज्यादा वर्चस्व है और वो हिंदी के कवि को आने ही नहीं देना चाहते। उनको सुनाने के लिए मैंने सोचा कि कविताओं को म्यूजिकल बनाओ। कुछ नहीं तो इन्हें म्यूजिक तो समझ आएगा।”

क्या है पूरा विवाद?: दरअसल साउथ इंडियन एक्टर सुदीप किच्चा ने एक इवेंट में कहा था कि हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं है। जिसके बाद अजय देवगन ने ट्विटर के जरिए उनसे सवाल किया था कि अगर हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्में हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हो? दोनों की इस बहस ने देखते ही देखते सियासी मोड़ ले लिया। साउथ के तमाम नेताओं ने अजय देवगन की खिंचाई की। कर्नाटक के मौजूदा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी इस मामले में टिप्पणी की।

कर्नाटक के पूर्व सीएम और जनता दल (सेक्यूलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा,”अभिनेता किच्चा सुदीप का ये कहना सही है कि हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं है। उनके बयान में गलती खोजने की कोई बात नहीं है। अभिनेता अजय देवगन स्वभाव में न केवल हाइपर हैं बल्कि अपने अजीब व्यवहार को भी दर्शाते हैं।”