हिंदी कविता जहां सोशल मीडिया के जमाने में अपनी चमक खोती जा रही है वहीं हिंदी कवि कुमार विश्वास युवाओं सहित हर उम्र वर्ग के लोगों के बीच बेहद मशहूर हैं। उनके कवि सम्मेलनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है और वो इसके लिए कई लाख रुपए तक चार्ज करते हैं। 50 वर्षीय कुमार विश्वास प्रेम की कविताओं पर अच्छी पकड़ रखते हैं। कुमार विश्वास के कविताएं लिखने की शुरुआत भी दिलचस्प तरीके से हुई थी।

कॉलेज लेक्चरर (अब पत्नी) के प्रेम में पड़ लिखनी शुरू की कविताएं- कुमार विश्वास ने हिंदी की पढ़ाई करने के बाद साल 1994 में राजस्थान में एक कॉलेज में हिंदी लेक्चरर बन गए। वहां उनकी मुलाक़ात मंजू शर्मा से हुई। मंजू उसी कॉलेज में लेक्चरर थीं। कुमार विश्वास मंजू को पसंद करने लगे और उनके लिए कविताएं लिखनी शुरू की। मंजू भी उन्हें पसंद करने लगीं। कुमार विश्वास की कविताओं से वो बहुत प्रभावित हुईं थीं। कुमार विश्वास की श्रृंगार रस की कविताओं को मंजू बहुत पसंद करती थीं। दोनों का प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने शादी कर ली। दोनों की शादी में जाति को लेकर थोड़ी अड़चने आई थीं और परिवार वालों ने कुछ समय बाद दोनों को अपनाया।

क्या करती हैं कुमार विश्वास की पत्नी- मंजू शर्मा पहले लेक्चरर थीं लेकिन कुमार विश्वास की राजनीति में एंट्री के बाद उनका झुकाव भी राजनीति की तरफ हुआ। हाल ही में मंजू शर्मा को राजस्थान कांग्रेस की सरकार में एक महत्वपूर्ण पद दिया गया है। अक्टूबर में राजस्थान के अशोक गहलोत सरकार ने मंजू शर्मा को राजस्थान लोक सेवा आयोग का सदस्य बनाया। उनकी सैलरी की बात करें तो, उनकी सालाना कमाई 10.5 लाख है।

करोड़ों की संपत्ति और कई गाड़ियों के मालिक हैं कुमार विश्वास- कुमार विश्वास ने 2014 के अपने चुनावी हलफनामे में बताया था कि उनके पास 2 करोड़ 58 लाख की संपत्ति है। उनकी वार्षिक आमदनी 27 लाख बताई गई थी। वहीं उनके पास दो कार हैं जिसमें 5 लाख की इनोवा और 12 लाख की टाटा आरिया शामिल है।  कुमार विश्वास के पास गाजियाबाद में 90 लाख का फ़्लैट है। ऋषिकेश में भी कुमार विश्वास के 12 लाख के दो फ्लैट हैं।