पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन में दिखने पर अक्षय कुमार को काफी ट्रोलिंग और आलोचना का सामना करना पड़ा रहा है। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर कमाल आर.खान ने भी उनपर तीखी टिप्पणी की है। केआरके ने अजय देवगन, शाहरुख खान पर भी निशाना साधा है। एक्टर ने ट्वीट कर लिखा है, ”देश के तीन पद्मश्री पान मसाला बेच रहे हैं। ये पद्मश्री पुरस्कार का अपमान है।
केआरके ने एक ट्वीट करते हुए अक्षय कुमार से पद्मश्री वापस लेने की बात कही है। उन्होंने लिखा,” नियमों के अनुसार पद्मश्री किसी विदेशी को नहीं दिया जा सकता। अगर अक्षय कुमार, जो कनाडा के नागरिक हैं, उन्हें गलती से पद्मश्री दिया गया है तो अब वापस ले लेना चाहिए। अगर अक्षय ने पद्मश्री पाने के लिए झूठ बोला कि वो भारतीय हैं तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए और पुरस्कार वापस कर देना चाहिए।”
केआरके के इस ट्वीट पर यूजर्स ने उनके मजे लेने शुरू कर दिये। फिल्मी बॉय नाम के यूजर ने लिखा,”चाचा जान, आप थोड़े लेट हो गए उनकी आलोचना करने में। पद्मश्री भारतीय नागरिकता वाले को भी मिलता है और विदेशी नागरिकता वाले को भी। आप ज्यादा ज्ञान ना दें। सरकार में आपसे ज्यादा काबिल अधिकारी होते हैं।”
बिलाल नाम के यूजर ने लिखा,” केआरके को भी बॉलीवुड में उनकी सेवाओं के लिए पद्मश्री मिलना चाहिए।” प्रमोद गुप्ता ने लिखा,” पीछे मत पड़ो मासूम लोगों के, वो बेचारे तो इलायची बेच रहे थे।” संतोष चतुर्वेदी ने लिखा,”किसने कहा कि पद्मश्री विदेशियों को नहीं दे सकते। खाली बर्तन ही सबसे ज्यादा आवाज करते हैं।” मिंकी नाम की यूजर ने लिखा,”क्या वो पद्मश्री पाने से पहले कनाडा के नागरिक थे। सबूत पोस्ट करो। पोस्ट का इंतजार कर रहे हैं।”
एक अन्य यूजर ने लिखा,”बिल्कुल सही, सरकार नेशनल अवॉर्ड की बेइज्जती क्यों नहीं देख पा रही है। अगर ऐसे लोगों को ये अवॉर्ड दिया गया तो अवॉर्ड का महत्व खत्म हो जाएगा। केआरके को पूरा समर्थन है।”
बता दें कि अक्षय कुमार पान मसाला के ब्रांड के विज्ञापन में नजर आने के लिए अपने फैंस से माफी मांग चुके हैं। एक्टर ने ट्विटर पर एक लंबा चौड़ा नोट लिखकर फैंस आगे ऐसे प्रोजेक्ट ना करने का वादा किया है। इसी के साथ उन्होंने कहा है कि विज्ञापन से मिलने वाले पैसे को वो किसी नेक काम के लिए दान करेंगे।
