Kriti Sanon Career Graph: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने आउटसाइडर होते हुए भी इंडस्ट्री में वो मुकाम हासिल किया, जो शायद बहुत से दूसरे लोगों का सपना होता है। हालांकि, उनके लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, लेकिन उन्होंने अपने टैलेंट और धैर्य के दम पर इसे कर दिखाया। उनके अभिनय को लोगों ने काफी पसंद किया और इसी अभिनय की वजह से उन्होंने नेशनल अवॉर्ड तक हासिल किया।
आज 27 जुलाई को एक्ट्रेस अपना 35वां जन्मदिन मना रही हैं। ऐसे में चलिए हम आपको उनके करियर ग्राफ के बारे में बताते हैं। कृति सेनन को इंडस्ट्री में कदम रखे 11 साल से ज्यादा का समय हो चुका है और उन्होंने इतने सालों में 20 फिल्में की, जिसमें से उनकी 6 मूवीज हिट हुईं, 7 फ्लॉप रहीं और 2 एवरेज हुईं। इसके अलावा एक्ट्रेस की तीन फिल्में ओटीटी पर रिलीज हुई और बाकी की दो फिल्में साउथ की थी। चलिए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से।
2014 से करियर किया स्टार्ट
कृति सेनन ने साल 2014 से अपने करियर की शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म ‘नेनोक्कादीन’ तेलुगु थी, जिसमें वह साउथ सुपरस्टार महेश बाबू संग स्क्रीन शेयर करती हुईं नजर आई। इस फिल्म में एक्ट्रेस के अभिनय को काफी पसंद किया गया और यहीं से उनके लिए बॉलीवुड का दरवाजा भी खुल गया। इसी साल उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा टाइगर श्रॉफ के साथ ‘हीरोपंती’ करते हुए नजर आईं। ‘हीरोपंती’ से डेब्यू करते ही वह बॉलीवुड की टॉप स्टार की लिस्ट में शामिल हो गईं। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया और यही वजह रही कि ये मूवी बॉक्स ऑफिस पर भी हिट साबित हुई।
कृति ने अपने करियर में दी 6 हिट फिल्में
बॉलीवुड में अपनी डेब्यू मूवी से हिट देने वाली कृति सेनन धीरे-धीरे दर्शकों की पसंदीदा बन गईं। इसके बाद साल 2015 में उनकी फिल्म ‘दिलवाले’ आई, जिसमें वह वरुण धवन, काजोल और शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आईं। खास बात ये रही कि उनकी दूसरी मूवी भी बॉक्स ऑफिस पर सेमी-हिट हुई। हालांकि, इन दो मूवीज के बाद कृति का करियर थोड़ा थम सा गया। साल 2017 में उनकी दो मूवीज आई, जिसमें से एक फ्लॉप और एक एवरेज रही।
लेकिन एक्ट्रेस ने हार नहीं मानी और लगातार अपना टैलेंट दिखाती रहीं। फिर साल 2019 में कार्तिक आर्यन संग उनकी मूवी ‘लुका छुपी’ आई, जो हिट हुई। वहीं, एक्ट्रेस की ‘हाउसफुल 4’, शाहिद कपूर संग आई ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’, करीना कपूर संग ‘क्रू’ भी हिट लिस्ट में शामिल रहीं।
एक्ट्रेस की 7 मूवीज हुईं फ्लॉप
11 सालों में ऐसा नहीं रहा कि एक्ट्रेस ने सिर्फ हिट ही दीं। उन्होंने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव भी देखे। 20 फिल्मों में से उनकी कई मूवी फ्लॉप भी हुईं, जिसमें साल 2017 में आई ‘राबता’, साल 2019 में आई ‘अर्जुन पटियाला’, साल 2019 में आई ‘पानीपत’, साल 2022 में आई ‘बच्चन पांडे’, साल 2023 में आई ‘शहजादा’, साल 2023 में आई एक और ‘आदिपुरुष’ और साल 2023 में आई ‘गणपत’ शामिल थी।
कुछ मूवीज हुईं ओटीटी पर रिलीज
इसके अलावा एक्ट्रेस की तीन फिल्में ओटीटी पर रिलीज हुई, जिसमें साल 2021 में आई ‘मिमी’, ‘हम दो हमारे दो’ और ‘दो पत्ती’ शामिल थी। इन तीनों फिल्मों में एक्ट्रेस के अभिनय को काफी पसंद किया गया था। अब एक्ट्रेस जल्द ही धनुष के साथ ‘तेरे इश्क में’ नजर आने वाली हैं।
एक्ट्रेस ही नहीं बिजनेसवुमन भी हैं कृति
कृति सिर्फ पर्दे पर अभिनय ही नहीं करतीं, बल्कि वह हायफन की को-फाउंडर भी हैं। इसके अलावा उनका ब्ल्यू बटरफ्लाई फिल्म्स नाम का खुद का प्रोडक्शन हाउस भी हैं, जिसमें उन्होंने अपनी फिल्म ‘दो पत्ती’ का निर्माण किया था।
मिमी के लिए मिला नेशनल अवॉर्ड
एक्ट्रेस ने अपने करियर में कई अवॉर्ड अपने नाम किए, लेकिन उन सब में नेशनल अवॉर्ड सबसे ऊपर रहा है। यह अवॉर्ड एक्ट्रेस को ‘मिमी’ के लिए मिला था, जिसमें उन्होंने 31 साल की उम्र में एक सरोगेट मां का किरदार निभाया था। बता दें कि एक्ट्रेस का जन्म एक मिडिल क्लास फैमिली में हुआ था।
उनके पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और मां प्रोफेसर थीं। एक्ट्रेस का बचपन से ही सपना इंडस्ट्री में आने का था और इसके लिए उन्होंने खूब मेहनत भी की। हालांकि, अपनी पढ़ाई को कभी पीछे नहीं छोड़ा। कृति सेनन ने इंजीनियर के तौर पर ग्रेजुएशन करने के बाद ही फिल्मों में आने का बड़ा फैसला किया।
