करण जौहर (Karan Johar) का चैट शो ‘कॉफी विद करण 8’ (Koffee with Karan 8) काफी चर्चा में है। हर एपिसोड में बॉलीवुड से कोई ना कोई स्टार आ रहे हैं और अपनी जिंदगी के राज से पर्दा उठा रहे हैं। इसी बीच चैट शो के अपकमिंग एपिसोड में जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor) अपनी बहन खुशी कपूर (Khushi Kapoor) के साथ शिरकत करने वाली हैं। इसका प्रोमो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। इसमें देखने के लिए मिल रहा है कि एक्ट्रेस बात-बात में अपने रूमर्ड बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया से जुड़ा राज खोल देती हैं और इसके बाद उनका जो रिएक्शन होता है वो देखने लायक होता है।

दरअसल, करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से चैट शो के अपकमिंग एपिसोड से जान्हवी और खुशी कपूर का वीडियो शेयर किया है। इसमें देखने के लिए मिल रहा है कि एक्ट्रेस खुद से जुड़ी दिलचस्प बातें शेयर कर रही हैं और करण के सवालों के बेझिझक जवाब भी दे रही हैं। इसी बीच करण उनसे सवाल करते नजर आ रहे हैं कि उनके फोन में स्पीड डायल में किसका नंबर है? इस पर जान्हवी पहले तो पापा बोनी कपूर, बहन खुशी कपूर और फिर अंत में शिखू (शिखर पहाड़िया) का नाम ले लेती हैं। तीसरा नाम लेते ही एक्ट्रेस का मुंह खुला का खुला रह जाता है। उनका शॉकिंग रिएक्शन होता है, जो देखते ही बनता है।

रिलेशनशिप पर बोलीं खुशी कपूर

इसके साथ ही वीडियो में देख सकते हैं कि करण खुशी कपूर से भी उनके रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर सवाल करते हैं। उनका नाम ‘द आर्चीज’ एक्टर वेदांग रैना के साथ जुड़ा था। रिलेशनशिप रूमर्स को लेकर उन्होंने ‘ओम शांति ओम’ का रेफ्रेंस देते हुए दोस्त बताया। इसके साथ ही जान्हवी अपने चाचा अनिल कपूर की मिमिक्री भी करते हुए दिखीं। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। ऐसे में अब पूरे एपिसोड देखना दिलचस्प होगा कि जान्हवी और खुशी खुद को लेकर और क्या-क्या खुलासे करती हैं।

बहरहाल, अगर जान्हवी कपूर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो एक्ट्रेस अपकमिंग फिल्म ‘एनटीआर 30’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में नजर आने वाली हैं। आखिरी बार उन्हें ‘बवाल’ में देखा गया था। इसके जरिए एक्ट्रेस पहली बार वरुण धवन के साथ स्क्रीन पर रोमांस करते हुए नजर आईं। वहीं, खुशी कपूर की बात की जाए तो उन्होंने हाल ही में फिल्म ‘द आर्चीज’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसमें वो सुहाना खान, अगस्त्या नंदा के साथ अहम भूमिका में थीं।