Ajay Devgn-Rohit Shetty KWF 8: अजय देवगन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सिंघम 3’ की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें वो डायरेक्टर रोहित शेट्टी के साथ काम कर रहे हैं। इसके जरिए पहली बार अक्षय कुमार, अजय देवगन, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ और दीपिका पादुकोण स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं। मूवी से उनका फर्स्ट लुक भी जारी कर दिया गया है। इसी बीच अजय देवगन और डायरेक्टर रोहित शेट्टी चैट शो ‘कॉफी विद करण 8’ (Koffee With Karan 8) में नजर आने वाले हैं। इसका प्रोमो भी सामने आ चुके है, जिसमें उन्हें करण जौहर के मजेदार सवालों के जवाब देते हुए देखा सकता है।
फिल्ममेकर करण जौहर (Karan Johar) ने इंस्टाग्राम पर शो के अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है। इसमें देख सकते हैं कि करण, अजय देवगन और रोहित शेट्टी से सवाल-जवाब कर रहे हैं। दोनों खूब हंसी-ठिठोली करते हैं। इस दौरान करण ने काजोल की नाराजगी और रणवीर सिंह को शांत कराने से जुड़ा सवाल किया है, जिसका अजय ने बेहिचक जवाब भी दिया। करण, अजय से पूछते हैं अगर किसी दिन काजोल नाराज हो जाएं और उनसे बात ना करें तो वो क्या करेंगे? इस पर ‘सिंघम’ एक्टर ने मजेदार रिएक्शन दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैं तो उस दिन इंतजार कर रहा हूं। जब वो बात ना करें।’ इसके बाद सभी ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं।
वहीं, करण, अजय से इंडस्ट्री में उनके दुश्मन के बारे में सवाल करते हैं तो वो उनका ही नाम लेते हैं। इसी दौरान चैट शो में फिल्ममेकर अजय देवगन से पूछते हैं, ‘जब रणवीर सिंह बोलने लगते हैं तो वो उन्हें शांत कैसे कराते हैं?’ इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘मैं कहता हूं कि तुम चुप हो जाओ या फिर मैं अपने कान बंद कर लूं।’
फिल्म की सक्सेस और फ्लॉप के बाद क्या करते हैं अजय देवगन?
इसके साथ ही करण जौहर पूछते हैं, ‘आप अपनी फिल्म सक्सेस के बाद क्या करते हैं?’ इस पर रोहित शेट्टी बताते हैं, ‘फिल्म अगर सफल है तो अजय देवगन और सलमान अपनी वैन में चिल करते दिखेंगे। अगर फिल्म फ्लॉप हुई तो भी अजय देवगन और सलमान अपनी वैन में चिल करते नजर आएंगे।’ उनके इस जवाब के बाद तीनों खूब हंसते हैं। करण जौहर के चैट शो का प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस इस एपिसोड को देखने के लिए एक्साइटेड हो गए हैं।
बहरहाल, अगर इसके अलावा अजय देवगन के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो ‘सिंघम 3’ को लेकर चर्चा में हैं। इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है और डायरेक्टर रोहित शेट्टी इसका निर्देशन कर रहे हैं। इसमें अजय देवगन के अलावा टाइगर श्रॉफ, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और अक्षय कुमार अहम रोल में हैं। फिल्म को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं। इसकी पहली दोनों फ्रेंचाइजी ‘सिंघम’ और ‘सिंघम अगेन’ को लोगों ने काफी पसंद किया था। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इसकी तीसरी किस्त को लोगों और क्रिटिक्स से कैसा रिस्पांस मिलता है।