सन् 1980 में आई ऋषि कपूर स्टारर फिल्म ‘कर्ज’, सुभाष घई के निर्देशन में बनी बेहतरीन फिल्मों में से एक है। इस फिल्म के पहले हाव में यानी ऋषि कपूर से पहले एक्टर राज किरण का रोल भी फिल्म की भूमिका तैयार करने में सबसे अहम् माना गया था। राज किरण ने 30 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। 1982 में स्मिता पाटिल और शबाना आजमी स्टारर मूवी ‘अर्थ’ में उनके काम को सराहा गया था। उन्होंने 1988 में ‘एक नया रिश्ता’ में रेखा के साथ भी काम किया। लेकिन क्या आपको पता है आज ये एक्टर एक पागल खाने में है जो इलाज के पैसे भी वहां काम करके चुका रहा है? चलिए आज हम बताते हैं एक्टर राज किरण के बारे में कुछ ऐसी बातें जो शायद ही आप जानते होंगे।

राज किरण करीब 14 साल से लापता हैं, आखिर में उन्हें 1994 में एक मूवी ‘वारिस’ और शेखर सुमन के एक सीरियल ‘रिपोर्टर’ में देखा गया था। जिसके बाद साल 2003 में राज किरण लापता हो गए। लेकिन हाल ही में पता चला है कि बॉलीवुड का ये मशहूर एक्टर एक पागल खाने में है और अपने इलाज के लिए पागल खाने में ही काम करके फीस चुका रहा है। ये हम नहीं बल्कि कुछ साल पहले ऋषि कपूर ने बताई थी जो फिल्म ‘कर्ज’ में उनके साथ काम कर चुके हैं और राज किरण के अच्छे दोस्त भी हैं।

बता दें कि मीडिया में पहले भी राज किरण को लेकर खबर आ चुकी हैं कि वो अमेरिका में कैब ड्राइवर बन गए हैं, फिर कुछ महीनों बाद खबर आई कि उनकी मौत हो चुकी है। लेकिन इस बात का विश्वास ऋषि कपूर को नहीं हुआ और उन्होंने पता लगाया। उन्होंने ने एक इंटरव्यू में राज किरण के बारे में बताते हुए कहा था कि उनकी मौत की खबर की सच्चाई जानने के लिए मैंने यूएस में उनके बड़े भाई गोविंद मेहतानी से संपर्क किया।

इसके बाद मुझे किरण के अटलांटा में होने का पता चला। मुझे इस बात की तसल्ली हुई कि वे जिंदा हैं। ऋषि कपूर ने बताया कि राज को मेंटल हॉस्पिटल में रखा गया है। राज अपने इलाज का खर्च खुद उठाते हैं। इसके लिए वे हॉस्पिटल में ही काम करते हैं। हालांकि, उनका परिवार हमेशा इस बात से इंकार करता रहा है।

कहा जाता है कि फिल्में छोड़ने के बाद भी राज के पास पैसे की कमी नहीं थी। लेकिन डिप्रेशन का इलाज कराते-कराते सारा पैसा खत्म हो गया। ऐसे आरोप हैं कि जब राज किरण की हालत बिगड़ने लगी तो पत्नी रूपा मेहतानी और बेटी ऋषिका ने भी उन्हें छोड़ दिया था।