हिंदी सिनेमा के मशहूर एक्टर किशोर कुमार का जन्म साल 1929 में आज ही के दिन हुआ था। किशोर कुमार ने अपनी आवाज से इस कदर छाप छोड़ी कि उनके निधन के दशकों बाद भी लोग उन्हें खूब याद करते हैं और उनके गानों को सुनना पसंद करते हैं। कहा जाता है कि किशोर कुमार ने अपने गानों और आवाज से बॉलीवुड के कई कलाकार को स्टार बना दिया। वह एक बेहतरीन सिंगर तो थे ही, साथ ही वह मनमौजी और दिल से बिल्कुल बच्चे थे। उन्हें लेकर यह भी कहा जाता है कि वह शरारतें करने में माहिर थे और एक बार उनकी शरारत के कारण उनका चौकीदार भी उनसे बुरी तरह से डर गया था।
किशोर कुमार से जुड़े इस किस्से को उनकी पत्नी लीना ने बीबीसी हिंदी को दिए इंटरव्यू में साझा किया था। एक्टर की पत्नी लीना ने इस बारे में बात करते हुए कहा था, “किशोर कुमार एकदम बच्चे जैसे थे। वह छोटी-छोटी बातों से ही काफी खुश हो जाया करते थे। कई बार बारिश को देखकर भी वह ऐसा व्यवहार करते थे, जैसे उसे पहली बार देख रहे हों।”
किशोर कुमार की पत्नी ने बताया कि उन्हें लोगों को चौंकाने में बहुत मजा आता था। लीना ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, “एक बार वह विदेश से कई तरह के मुखौटे ले आए थे। इन मुखौटों के कारण उनका चौकीदार ही उनको देखकर बुरी तरह से डर गया था।”
किशोर कुमार से जुड़ा एक किस्सा यह भी है कि उन्होंने निर्माता-निर्देशक एचएस रवैल का हाथ दांत से काट दिया था। दरअसल, फिल्म निर्माता उन्हें पैसों को लौटाने के लिए उनके फ्लैट पर गए थे, ऐसे में जैसे ही उन्होंने हाथ मिलाने के लिए गायक की ओर अपना हाथ बढ़ाया। उन्होंने कथित तौर पर उनका हाथ दांत से काट लिया।
किशोर कुमार ने फिल्म निर्माता से आगे कहा, “क्या आपने यहां साइन नहीं देखा?” गायक को लेकर एक किस्सा यह भी है कि शूटिंग के दौरान उन्हें कार चलाकर दूसरी तरफ जाना था, लेकिन निर्देशक कट कहना भूल गया। ऐसे में किशोर कुमार गाड़ी चलाते हुए खंडाला पहुंच गए और वहां जाकर सो गए थे। दूसरी ओर निर्देशक उनके लौटने का इंतजार ही करते रह गए थे।