Ruma Guha Thakurta Death News: जानी-मानी एक्ट्रेस-सिंगर रूमा गुहा ठाकुरता ने सोमवार को 84 साल की उम्र में कोलकाता में आखिरी सांस ली। वह कुछ दिन पहले ही अपने बालीगंगे प्लेस वाले घर से कोलकाता लौटी थीं। किशोर कुमार की पहली पत्नी रूमा अपने बेटे अमित कुमार से मिलने के लिए मुंबई आई थीं और करीब तीन महीने रूकी थीं। कहा जाता है कि रूमा ढ़लती उम्र में होने वाली तकलीफों से काफी परेशान थीं।

रूमा गुहा ने साल 1944 में हिंदी फिल्म ज्वार-भाटा से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने बंगाली फिल्मों की ओर रुख कर लिया था। रूमा ने ‘एंटोनी फिरंगी’, ‘गंगा ओभीजान’, ‘बालिका वधू’ और ‘अभिजान’ समेत कई बंगाली फिल्मों में काम भी किया। इसके अलावा वह 36 Chowringhee Lane और The Namesake जैसी हॉलीवुड फिल्मों का भी हिस्सा रह चुकी हैं। एक्टिंग के अलावा रूमा ने प्लेबैक सिंगिंग से भी खूब नाम कमाया था।

रूमा गुहा मशहूर सिंगर किशोर कुमार की पहली पत्नी थीं। किशोर कुमार और रूमा गुहा ने साल 1951 में शादी रचाई थी। दोनों को एक बेटा अमित कुमार है। हालांकि साल 1960 में किशोर कुमार और रूमा गुहा ने एक-दूसरे से तलाक ले लिया था। किशोर से तलाक के बाद रूमा ने अरूप गुहा ठाकुरता से शादी रचाई थी। दोनों की एक बेटी श्रोमोना गुहा ठाकुरता है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रूमा गुहा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। ममता ने एक ट्वीट में लिखा- ‘यह दुखद है कि रूमा गुहा ठाकुरता अब हमारे बीच नहीं रहीं। संगीत और एक्टिंग में दिया उनका योगदान हमेशा याद रहेगा। उनके परिवार और समर्थकों के साथ मेरी संवेदना है।’

(और ENTERTAINMENT NEWS पढ़ें)