KBC Play Along 2018, 26th September 2018 Episode, Sony Liv App: कौन बनेगा करोड़पति सीजन 10 का तीसरा हफ्ता चल रहा है। तीसरे हफ्ते के चौथे दिन यानी गुरुवार (26-09-2018) को अब केबीसी के हॉट सीट पर हरियाणा के पलवल के रहने वाले बिशन कुमार नजर आएंगे। बिशन कुमार ने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में सबसे पहले जवाब देकर यह मौका हासिल किया। इससे पहले बुधवार को महाराष्ट्र के अंबरनाथ के रहने वाले मनीष पाटिल ने अमिताभ बच्चन के सवालों का सामना किया। मनीष पाटिल ने शो से 12 लाख 50 हजार रुपये जीते। इससे पहले पेशे से सफाई कर्मी मनीष पाटिल सबसे स्वच्छ शहर के सवाल पर अटक गए। इस सवाल का जवाब देने के लिए मनीष को अपनी दो लाइफ लाइन का इस्तेमाल करना पड़ा।
मनीष ने इस सवाल का जवाब देने के लिए फिफ्टी-फिफ्टी और एक्सपर्ट एडवाइस लाइफ लाइन का इस्तेमाल किया। लाइफ लाइन का इस्तेमाल करने के बाद मनीष बता सके की इस सवाल का सही जवाब इंदौर है। बता दें कि मनीष महानगरपालिका में सफाई कर्मी हैं। शो के दौरान मनीष पाटिल ने बताया कि उन्हें सफाई का काम करना अच्छा लगता है और वो पिछले 21 साल से कूड़ा उठाने का काम कर रहे हैं। मनीष पाटिल अपने इस काम को समाज सेवा की तरह ही लेते हैं।
मनीष की इस सोच से शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी काफी प्रभावित नजर आए। अमिताभ बच्चन ने कहा कि साफ-सफाई का काम करने वाला शख्स कभी छोटा नहीं होता, हम सभी को आप पर गर्व है। मनीष पाटिल जीती हुई रकम से अपने बच्चों का भविष्य संवारने की चाहत रखते हैं। मनीष पाटिल ने कहा कि उनका बेटा क्रिकेट खेलना चाहता है। लेकिन पैसों के अभाव की वजह से वो अपने बेटे को क्रिकेट किट नहीं दिला पा रहे हैं। शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने मनीष के बेटे को ना सिर्फ केबीसी के सेट पर बुलाया बल्कि उन्हें अपने हाथों से क्रिकेट किट भी सौंपा।
KBC आम लोग अपने मोबाइल फोन के जरिए भी खेल सकते हैं। इसके लिए सोनी लिव ऐप डाउनलोड करना होता है।

