सदी के महानायक कहे जाने वाले अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh bachchan) किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहते हैं। एक्टर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं, जहां पर अक्सर वो खुद से जुड़े किस्से और कहानियां शेयर करते रहते हैं। इन दिनों वो टीवी रिएलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट कर रहे हैं। यहां वो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हैं। कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत में अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हैं। केबीसी का जूनियर्स वीक शुरू हुआ है और इसी बीच उन्होंने सोमवार के एपिसोड में खूब मस्ती की और अपने बचपन से जुड़ा किस्सा साझा किया है।
दरअसल, केबीसी जूनियर्स वीक के सोमवार वाले एपिसोड में फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट खेलकर प्रसुना थामके हॉट सीट पर पहुंचीं। बिग बी ने उनसे खूब मजाक मस्ती की फिर सवालों का सिलसिला शुरू हुआ तो इस बीच उन्होंने प्रसुना से सवाल किया कि इनमें से कौन सी चीज अमूमन फ्रिज में रखी जाती है। इसके लिए ऑप्शन दिए 1. फुटबॉल 2. दूध 3. घड़ी 4. इयरिंग्स। प्रसुना ने सही जवाब दूध को बताया। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने अपने बचपन से जुड़ा फ्रिज को लेकर किस्सा सुनाया, जो कि काफी फनी था।
बिग बी ने बताया कि जब वो छोटे थे तो उस समय फ्रिज नहीं होता था। सिर्फ पंखा होता था और वो लोग सोचा करते थे कि ये क्या है? अमिताभ बताते हैं कि वो इलाहाबाद में रहा करते थे और उनके पास ऐसे साधन नहीं होते थे जैसे- एसी वगैरह। एक्टर बताते हैं कि टेबल फैन हुआ करते थे तो उनके सामने बर्फ का टुकड़ा रखकर उसको पीछे से चलाते थे तो वो ठंडी हवा देता था। ‘केबीसी’ आगे फ्रिज को लेकर बताते हैं कि कुछ सालों के बाद घर में एक बड़ा सा फ्रिज आया। उन्होंने तब उसे पहला बार देखा था। उसको खोला और देखा कि ये काफी ठंडा है। वो थोड़े छोटे थे तो एक दिन वो उसके अंदर घुस गए और दरवाजा बंद हो गया।
अमिताभ को पड़ी मार
अमिताभ बच्चन बताते हैं कि उन्होंने किसी को बताया नहीं था। फ्रिज का दरवाजा अंदर से खुलता नहीं है। अब वो इसमें बंद हो गए। इसके बाद क्या था वो लगे चिल्लाने तो घरवालों ने बाहर निकाला। फिर उनको इस हरकत के लिए मार भी पड़ी। एक्टर की बातें सुनकर सभी ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं।
बहरहाल, अगर अमिताभ बच्चन के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो उनकी पाइपलाइन में कई फिल्में शामिल हैं, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है। उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्मों में ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट-2’ और ‘ब्रह्मास्त्र 2’ जैसी मूवीज हैं। बिग बी को आखिरी बार फिल्म ‘वैट्टेयन’ में देखा गया था, जिसके जरिए वो 33 साल बाद रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आए थे।
अमिताभ बच्चन से जुड़ा ये किस्सा तो आपने पढ़ लिया। इसके साथ ही आप उनके बारे में ये भी पढ़ सकते हैं कि एक समय ऐसा था जब एक्टर एक दिन में 200 सिगरेट पी जाया करते थे। अब उन्होंने अपनी ये आदत कैसे छुड़ाई इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।