TV Adda: ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 16वां सीजन शुरू हो गया है। अमिताभ बच्चन का ये शो हमेशा की तरह काफी दिलचस्प है और अब तक इसके तीन एपिसोड आ चुके हैं। तीसरे एपिसोड में उन्नाव, उत्तर प्रदेश के रहने वाले सुधीर कुमार वर्मा हॉटसीट पर बैठे थे। पहला पड़ाव उन्होंने बेहतरीन तरीके से खेला लेकिन दूसरे पड़ाव में आकर वो अटक गए।
दो लाइफ लाइन का इस्तेमाल कर वो 25 लाख जीते, लेकिन 50 लाख के सवाल पर वो अटक गए। जिसके बाद उन्होंने आगे रिस्क न लेते हुए गेम क्विट करने का फैसला लिया। सुधीर के लिए इतना अमाउंट जीतना बहुत बड़ी बात थी, उन्होंने अपने संघर्ष के बारे में बताया, जो इंसान साल के 45 हजार कमाता था वो इस शो से 25 लाख जीत के गया। अमिताभ बच्चन भी उनकी कहानी सुन भावुक हो गए।
कहां अटके सुधीर?
25 लाख के सवाल के लिए सुधीर ने ऑडियंस पोल लाइफलाइन ली। सवाल अप्रैल 2024 में देश के सूचना मंत्रालय द्वारा ओमान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात या कुवैत में से एक में शुरू किए गए हिंदी में साप्ताहिक रेडियो प्रसारण के बारे में था। ऑडियंस पोल से, सुधीर ने ऑप्शन डी कुवैत चुना, जो सही था। इसके बाद उनसे 50 लाख का सवाल पूछा गया, जिसका जवाब वो नहीं दे पाए।
ये था 50 लाख का सवाल
हेनरी वाल्टर्स द्वारा 1830 की जनगणना का विषय कौन सा शहर था, जो ब्रिटिश भारत में किसी शहर की पहली पूर्ण जनगणना में से एक थी? ऑप्शन थे, मुंबई, ढाका, मैसूर और लाहौर। इस सवाल के लिए सुधीर ने अपनी वीडियो कॉल ए फ्रेंड लाइफलाइन का इस्तेमाल किया, लेकिन सही उत्तर उन्हें नहीं मिल पाया। 25 लाख जीतने के बाद उन्होंने समझदारी दिखाते हुए गेम बीच में छोड़ने का फैसला लिया और वो 80,000 बोनस के साथ 25 लाख रुपये अपने साथ घर ले गए।