सदी के महानायक कहे जाने वाले एक्टर अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 15 को होस्ट कर रहे हैं। शो में बिग बी को कंटेंस्टेंट्स के साथ मजेदार बातें करते हुए देखा जाता है। ऐसे में कई बार ऐसा होता है कि लोगों की धड़कनें किसी ना किसी सवाल पर धम जाती है। इसी कड़ी में अब बारी 7 करोड़ के सवाल की है। लेकिन इससे पहले ‘केबीसी 15’ को उसका पहला करोड़पति कंटेस्टेंट मिल गया है, जिसने 1 करोड़ की राशि जीत ली है। इसे पंजाब के एक 21 वर्षीय लड़के ने जीता है। चलिए बताते हैं पूरी डिटेल्स…
दरअसल, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के इंस्टाग्राम हैंडल ने गुरुवार को नया प्रोमो वीडियो शेयर किया गया। इसे शेयर करने के साथ ही कैप्शन में जानकारी दी गई और लिखा गया, ‘पार कर हर मुश्किल पंजाब के छोटे से गांव खालरा से आए जसकरण पहुंच चुके हैं, इस खेल के सबसे बड़े 7 करोड़ के सवाल पर। देखिए कौन बनेगा करोड़पति, 4 और 5 सितंबर, सोमवार-मंगलवार रात 9 बजे, सिर्फ Sony Entertainment Television पर।’ वहीं, अगर वीडियो की बात की जाए तो इसमें देखने के लिए मिल रहा है कि कंटेस्टेंट जसकरण एक करोड़ के सवाल का सही जवाब देते हैं और बिग बी उनके एक करोड़ जीतते ही झूम उठते हैं। वो चिल्ला पड़ते हैं और फिर जसकरण को गले से लगा लेते हैं।
इसके अलावा शो से एक और प्रोमो वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें अमिताभ बच्चन को 7 करोड़ के सवाल पर बात करते हुए देखा जा सकता है। इसमें वो याद करते हैं कि उन्होंने साल 2000 में शो की शुरुआत के बाद से कई कंटेस्टेंट को करोड़पति बनते देखा है। कोई भी 16वें प्रश्न 7 करोड़ को पार नहीं कर पाया है। प्रोमो में 7 करोड़ के सवाल पर जसकरण को आहें भरते और पानी-पीते देखा गया। ये मोमेंट सांसों को थाम देने वाला है।
9 साल पहले इन्होंने जीता था 7 करोड़
आपको बता दें कि इससे पहले 7 करोड़ रुपए की राशि दो भाइयों ने जीती थी। ये बात करीब 9 साल पहले की है जब 8वां सीजन आया था। इस सीजन में दो भाई अचिन नरूला और सार्थन नरूला ने भाग लिया था। दोनों भाइयों ने मिलकर अपनी जीत को अंजाम दिया था। ये रिकॉर्ड अभी तक कोई तोड़ नहीं पाया है। ऐसे में अब ये देखना बड़ा ही दिलचस्प होने वाला है कि जसकरण 7 करोड़ के सवाल को जीत कर इस रिकॉर्ड को तोड़ पाते हैं या नहीं। इस एपिसोड को 4-5 सितंबर को टेलिकास्ट किया जाएगा।