सिनेमा जगत में इन दिनों एक ट्रेंड काफी चल रहा है। पुरानी फिल्मों के रि-रिलीज का ट्रेंड काफी है। एक के बाद एक फिल्मों को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया जा रहा है। ऐसे में 29 साल बाद एक बार फिर से ‘करण अर्जुन’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। इसे साल 1995 में पहली बार रिलीज किया गया था और ये 90 के दशक की हिट फिल्मों में एक रही है। इसके जरिए पहली बार शाहरुख खान और सलमान खान स्क्रीन पर साथ में नजर आए थे। इसी बीच फिल्म के डायरेक्टर राकेश रोशन ने मूवी के लीड एक्टर्स को लेकर एक किस्सा शेयर किया है। सेट पर दोनों के बीच तनातनी हो गई थी और सलमान ने बंदूक तान दी थी। चलिए बताते हैं किस्से के बारे में…
दरअसल, राकेश रोशन ने गलाटा इंडिया से बातचीत में सलमान खान और शाहरुख खान से जुड़ा किस्सा शेयर किया था। उन्होंने बताया कि सलमान और शाहरुख ने पहले तो एक दूसरे से झगड़ा किया। इसके बाद ‘भाईजान’ ने गन उठाई और किंग खान पर तान दी थी। राकेश की मानें तो उन्होंने इस किस्से का जिक्र करते हुए आगे कहा कि ये गन असली नहीं थी। सलमान ने प्रैंक किया था। इसकि लिए उन्होंने डायरेक्टर से गन ली थी और फिर शाहरुख खान पर चला भी दी थी।
राकेश रोशन आगे बताते हैं कि वहीं शाहरुख खान भी कलाबाजी दिखाते हुए गोली लगने के बाद सेट पर गिर पड़े थे। इसे देखकर डायरेक्टर बुरी तरह से घबरा गए थे। सेट पर सभी लोगों की सिट्टी-पिट्टी गुल हो गई थी। सभी डर से कांपने लगे थे। हालांकि, बाद में चीजें साफ हुई और सच सामने आया कि ये प्रैंक था। इस पर राकेश रोशन ने शाहरुख और सलमान को ऐसा मजाक करने से मना किया था। उन्होंने दोनों स्टार्स से कहा था कि ऐसी हरकतों से किसी को भी सदमा लग सकता है और वो मर भी सकता है।
क्या बोले थे सलमान खान?
इसके साथ ही सलमान खान भी इस घटना का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने इस किस्से के बारे में बताया था कि गोली चलने के बाद शाहरुख खान जमीन पर गिर पड़े थे। इसे देखकर राकेश रोशन के हाथ पैर कांपने लगे थे। आपको बता दें कि सलमान खान और शाहरुख खान ने साथ में कई फिल्मों में साथ काम किया था। हालांकि, बाद में सच में झगड़ा हो गया था, जिसकी वजह से कुछ सालों तक वो साथ में नजर नहीं आए थे। बाद में बाबा सिद्दीकी ने दोनों के बीच फिर से दोस्ती करवा दी थी।
इसके अलावा सलमान खान और शाहरुख खान की फिल्में की बात की जाए तो दोनों फिल्म ‘जवान’ और ‘टाइगर 3’ में साथ काम कर चुके हैं। लेकिन, इन फिल्मों में उनके कैमियो रोल थे।
फिल्म ‘करण अर्जुन’ से जुड़ा एक और किस्सा काफी चर्चा में रहा है। फिल्म में पहले गुलशन ग्रोवर भी अहम रोल में थे लेकिन, बाद में उन्हें बाहर कर दिया था। इसकी वजह को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।