फिल्ममेकर करण जौहर ने 7 साल के बाद डायरेक्शन में वापसी की है। उन्होंने रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से निर्देशन में एक बार फिर से वापसी की है। मूवी को लोगों से शानदार रिस्पांस मिला है। सोशल मीडिया पर दर्शकों ने पॉजिटिव रिस्पांस दिया है। इसे 28 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया और फर्स्ट डे 11.10 करोड़ का कलेक्शन भी किया। मगर करण की इस मूवी की कंगना रनौत ने पल भर में बेइज्जती कर दी। उन्होंने इसे डेली सोप बता दिया। एक्ट्रेस ने करण पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

कंगना रनौत ने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने पहली पोस्ट में मीडिया और नेटिजन्स पर निशाना साधा है। इसके बाद अगली पोस्ट में एक्ट्रेस ने करण जौहर की फिल्म पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय दर्शक परमाणु हथियार की उत्पत्ति और परमाणु विज्ञान को देख रहे हैं और नैपो गैंग का वही सास बहू का रोना। पर 3 घंटे लंबी फिल्म बन रही है। उन्हें 250 करोड़ खर्च करके डेली सोप बनाने की जरूरत क्यों? करण जौहर को ऐसा करने के लिए शर्म आनी चाहिए। खुद को सिनेमा का रक्षक बताकर इंडस्ट्री को पीछे ले जाना, पैसे बर्बाद न करें। ये इंडस्ट्री के लिए आसान समय नहीं है। रिटायर हो जाएं। फिल्ममेकर्स को नई और क्रांतिकारी फिल्में बनाने दें।’

कंगना ने रणवीर सिंह पर भी साधा निशाना

कंगना यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने रणवीर सिंह पर भी निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘रणवीर सिंह को करण जौहर और उनके ड्रेसिंग सेंस से इंप्रेस होना बंद कर देना चाहिए। उन्हें एक नॉर्मल इंसान की तरह ही कपड़े पहनने चाहिए। कंगना ने धर्मेंद्र और विनोद खन्ना जैसे एक्टर्स का उदाहरण दिया। उन्होंने साउथ के एक्टर्स का भी उदाहरण दिया है कि उनके कपड़ों को भी रणवीर सिंह देख सकते हैं। वो मानती हैं कि वो लोग देश की संस्कृति को बर्बाद नहीं करते हैं।