कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ऐलान किया कि उनकी पार्टी चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देगी। इस बात का ऐलान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया था। उन्होंने कहा था कि विकास कार्यों में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। कांग्रेस के इस फैसले को लेकर अब बॉलीवुड के मशहूर ऐक्टर कमाल राशिद खान ने ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह आधी लड़ाई जीत चुकी है। इसके साथ ही कमाल राशिद खान ने एक ट्वीट में भाजपा पर भी तंज कसा।

कमाल राशिद खान ने कांग्रेस के 40 प्रतिशत वाले फॉर्मूले पर कहा, “उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे के साथ बहुत अच्छा काम कर रही है। कांग्रेस आगामी चुनाव में 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को उतारने वाली है, इसका मतलब यह है कि कांग्रेस आधी लड़ाई जीत चुकी है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को बधाई हो।”

कमाल राशिद खान के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये। मनीष सिंघल नाम के यूजर ने लिखा, “उम्मीद करता हूं कि पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में भी ये लोग ऐसा ही करेंगे। केवल यूपी में ही ये टेस्ट क्यों करना।” एक यूजर ने कमेंट में लिखा, “इस चीज ने ट्रोल्स को शांत कर दिया है, उन्हें नहीं मालूम कि अब उन्हें कैसी प्रतिक्रिया देनी है। अब कांग्रेस को प्रियंका गांधी को एक मुख्यमंत्री के तौर पर दिखाना चाहिए। इससे राज्य में कुछ व्यवधान जरूर पैदा होगा।”

सुनील नाम के यूजर ने कमाल राशिद खान के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “भारतीय राजनीति में आरक्षण हथियार नहीं है। जीतने के लिए जाति का मूल्यांकन जरूरी होता है और इसके अलावा जीत जमीनी स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के काम पर भी निर्भर होती है।” मनु नाम के यूजर ने लिखा, “कांग्रेस राज्य में 2-3 से ज्यादा सीट नहीं जीत पाएगी। बसपा 15-20, सपा 60-70 और भाजपा जाहिर तौर पर जीत हासिल करेगी।”

कमाल राशिद खान ने अपने एक ट्वीट में बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा, “बहुत हुई महंगाई की मार, अब करो भाजपा पर वार।” इसके अलावा अपने एक ट्वीट में कमाल राशिद खान ने वरुण गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को एक साथ आने की सलाह दी और लिखा, “भारत की जनता आपकी ओर देख रही है। आप लोगों को अपने बारे में नहीं, लोगों के बारे में सोचना चाहिए।”