बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस काजोल का बीते 5 अगस्त को जन्मदिन था। उनके जन्मदिन के खास मौके पर परिवार और बॉलीवुड के सितारों के साथ-साथ फैंस ने भी खूब बधाइयां दीं। कई फैंस उनके जन्मदिन पर केक लेकर उनके घर के बाहर भी पहुंच गए, जिससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। लेकिन इस दौरान फैंस संग किये गए अपने बर्ताव के कारण काजोल ट्रोल्स के निशाने पर आ गई हैं।
जहां कुछ यूजर ने काजोल को कमेंट कर ‘घमंडी’ कहा तो वहीं कुछ यूजर ने कहा कि ये लोग इसके लायक ही नही हैं। काजोल से जुड़ा यह वीडियो विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से शेयर किया है, जिसमें एक्ट्रेस फैंस द्वारा लाए गए केक को काटती हुई नजर आईं।
काजोल ने घर के दरवाजे पर केक काटने के साथ-साथ उनके साथ फोटोज भी क्लिक कराई। लेकिन जब उन्हीं में से एक फैन ने काजोल को केक देना चाहा तो एक्ट्रेस ने हाथ जोड़ लिये और वापस घर में चली गईं। अपने इस बर्ताव को लेकर एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही हैं।
सकीना नाम की यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, “फैंस को अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहिए था।” अनु नाम की यूजर ने लिखा, “एक्टिंग तो ऐसे कर रही हैं जैसे कोई एहसान कर रही हों। असल जिंदगी में भी ये लोग एक्टिंग ही करते हैं।” पियाली नाम की यूजर ने लिखा, “घमंडी, ये लोग इसके लायक ही नहीं हैं, इससे अच्छा कोई गरीब बच्चों का जन्मदिन मनाए।”
कश्मीरा नाम की यूजर ने काजोल के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ऐसा लग रहा है केवल औपचारिकताएं निभाई हैं। फैंस के लिए कोई सम्मान ही नहीं है। समझ नहीं आता कि लोग भी क्यों पीछे पड़ जाते हैं.” आरवा नाम की यूजर ने लिखा, “लोग इन सेलेब्रिटी के पीछे पैसे खराब कर ही क्यों रहे हैं, इनके बजाए अपने मां-बाप को खुश रखो ना।”
काजोल के वीडियो पर आए कमेंट यहीं नहीं रुके। नवीन नाम के यूजर ने लिखा, “वह इस सम्मान के लायक नहीं हैं।” मेमन नाम के यूजर ने लिखा, “मैं चाहता हूं कि लोग इस बात को समझें कि ये लोग भगवान नहीं हैं बस अपना काम कर रहे हैं। कमाते हैं और किसी को देते भी नहीं हैं, फिर भी लोग इनके पीछे इतना पागल होते हैं।”