Jawan First Weekend Box Office Collection: बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) ने साल 2023 में धमाकेदार वापसी की है। ये साल उनके लिए बेहद ही शानदार रहा है। ‘पठान’ के बाद एक्टर ने ‘जवान’ से सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 100 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर इतिहास ही रच दिया। ये पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। 7 सितंबर, 2023 को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले वीकेंड भी छप्परफाड़ कमाई की है। महज तीन दिनों के भीतर ही फिल्म ने 375 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया है। ऐसे में चलिए जानते हैं मूवी का फर्स्ट वीकेंड कैसा रहा?
एटली कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जवान’ (Jawan) ने रिलीज के बाद शुरू के तीन दिन कमाल ही कर दिया। इसने भारत में ही नहीं बल्कि दुनियाभर में जबरदस्त कमाई की है। ऐसे में फिल्म का चौथा दिन यानी की रविवार का दिन भी इसके लिए कमाल का रहा है। शुरुआती आंकड़ों में बताया जा रहा है कि फिल्म ने भारत में करीब 82.00 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके बाद इसका टोटल कलेक्शन केवल भारत में 287.06 करोड़ हो गया है।
अगर शाहरुख खान की ‘जवान’ के सभी दिन के कलेक्शन की बात की जाए तो इसने पहले दिन सभी भाषाओं में भारत में ही केवल 75 करोड़ का बिजनेस किया था। दूसरे दिन 53.23 करोड़ (सभी भाषाओं), तीसरे दिन 77.83 करोड़ (सभी भाषाओं) की कमाई की थी। इसने चार दिनों के भीतर सभी रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है।
‘जवान’ ने तोड़े ये रिकॉर्ड्स!
शाहरुख खान और एटली कुमार की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल ही मचा दिया है। ‘जवान’ ने अपने नाम कई रिकॉर्ड्स कर लिए हैं। ये बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इसने पहले तीन दिनों में 206 करोड़ की कमाई की, जबकि इससे पहले ये रिकॉर्ड ‘पठान’ (166.5 करोड़) के नाम था। इसके साथ ही ये साउथ में तीन दिनों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म भी बन गई है। इतना ही नहीं ये वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी सबसे आगे है। इसने तीन दिनों में 375 करोड़ का बिजनेस किया है।
बहरहाल, ‘जवान’ मल्टीस्टारर फिल्म है। इसे साउथ का मिश्रण भी कहा जा सकता है। इसे डायरेक्टर एटली कुमार द्वारा निर्देशित किया गया है। इसमें शाहरुख खान के साथ नयनतारा ने लीड रोल प्ले किया है और दीपिका पादुकोण ने कैमियो किया है। इतना ही नहीं फिल्म में विजय सेतुपति, रिद्धि डोगरा और सान्या मल्होत्रा भी अहम किरदार में हैं।
