Javed Akhtar: जावेद अख्तर ने कई फिल्मों में अपने शब्दों का जादू बिखेरा है। जावेद ने कई फिल्म की स्क्रिप्ट और गीत लिखे हैं। लेकिन जावेद अख्तर को एक फिल्म इतनी पसंद आ गई कि उन्होंने उस फिल्म को देखने के चक्कर में खाना तक छोड़ दिया। जी हां, इस बारे में खुद पत्नी शबाना आजमी (Shabana Azmi) ने बताया।
नेटफ्लिक्स (Netflix) में अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) की फिल्म ‘चोक्ड: पैसा बोलता है’ (Choked: Paisa Bolta Hai) आई है। इस फिल्म की रिलीज से पहले स्पेशल प्रेमियर रखा गया था। इस प्रेमियर में तमाम बॉलीवुड सेलेब्स जैसे जोया अख्तर, विशाल भारद्वाज, अनिल कपूर, फरहान अख्तर, विक्की कौशल, तापसी पन्नू, शबाना आजमी और जावेद अख्तर शामिल थे।
जब जावेद फिल्म देखने बैठे उसके बाद से ही वह उस फिल्म में पूरी तरह से खो गए। शबाना आजमी ने बताया कि जावेद इतना खो गए थे फिल्म में कि उन्होंने खाना तक नहीं खाया। उन्होंने फिल्म देखते वक्त खाने से साफ इनकार ही कर दिया। वह फिल्म को खत्म करना चाहते थे। फिल्म चोक्ड में उन्हें अनुराग बासु का काम बहुत शानदार लगा।
शबाना आजमी ने बताया- ‘मेरे लिए अनुराग ने भारतीय सिनेमा में अलग तरह की फिल्म का निर्माण किया है। वह जिस चहरे को अपनी फिल्म के लिए चुनते हैं वह सत्य लगता है।’ तो वहीं जावेद अख्तर ने कहा- ‘फिल्म से सीधे तौर पर जुड़ा जा सकता है। रोशन भी बहुत शानदार अभिनेता हैं।
बता दें, अनुराग कश्यप की फिल्म चोक्ड आज 5 जून 2020 को रिलीज हुई है। फिल्म में एक महिला दिखाई गई है जो बिलकुल आम है और उसकी जिंदगी संघर्ष से भरी है। फिल्म के डायरेक्टर अनुराग कश्यप है, जिसमें रोशन मैथ्यू और संयमी खेर मेन लीड में हैं। फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
लॉकडाउन की वजह से फिल्में रिलीज नहीं हो रही थीं। वहीं अब अनलॉक 1 चल रहा है, कुछ रियायतें जरूर सरकार की तरफ से मिली हैं। लेकिन फिर भी मॉल्स, पीवीआर आदि जैसी भीड़ भाड़ वाली जगह बंद ही हैं। ऐसे में फिल्म ओटीटी प्लैटफॉर्म पर रिलीज हो रही हैं। पिछले दिनों नवाजुद्दीन सिद्दीकी औऱ अनुराग कश्यप की फिल्म ‘धूमकेतु’ रिलीज हुई थी। वहीं इस बार चोक्ड रिलीज हुई है। आने वाले दिनों में ओटीटी पर ही अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की फिल्म गुलाबो सिताबो भी रिलीज होने वाली है।

