जावेद अख्तर ने हाल ही में तब खूब तारीफें बटोरीं जब उनका एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो पाकिस्तान में जाकर 26/11 मामले के बारे में बात की और पाकिस्तान पर निशसाना साधा। जावेद अख्तर ने कहा था कि कैसे भारत के मुंबई में हुए क्रूर हमले का हिस्सा बनने वाले इसी देश में रह रहे हैं। ये वीडियो तब का है जब जावेद अख्तर पाकिस्तान के फैज महोत्सव का हिस्सा बने थे। वीडियो वायरल होने के बाद कंगना रनौत ने भी जावेद अख्तर की तारीफ की, जिनके साथ अक्सर एक्ट्रेस का विवाद होता रहता है। लेकिन जब कंगना के रिएक्शन के बारे में जावेद अख्तर से सवाल किया गया तो उन्होंने कंगना रनौत को इम्पॉर्टेंस देने से मना कर दिया।

कंगना की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर, जावेद अख्तर ने NDTV से बातचीत करते हुए कहा, “मैं कंगना को जरूरी नहीं मानता, इसलिए वह जरूरी टिप्पणी कैसे कर सकती हैं? उनके बारे में भूल जाओ। चलिए आगे।”

कंगना रनौत ने क्या लिखा था?

कंगना रनौत ने जावेद अख्तर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “जब मैं जावेद साब की कविता सुनती हूं तो लगता था कि इनपर कैसे सरस्वती जी की इतनी कृपा है, लेकिन देखो कुछ तो सच्चाई होती है। जय हिंद। घर में घुस के मारा.. हा हा।”

जावेद अख्तर ने क्या कहा था?

पाकिस्तान में हुए एक कार्यक्रम में जावेद अख्तर ने कहा था, “हमें एक-दूसरे को दोष नहीं देना चाहिए। इससे मुद्दों का समाधान नहीं होगा। जो गरम है फिजा, वो कम होनी चाहिए। हम तो बम्बई के लोग हैं। हमने देखा वहां क्या हुआ था। वो लोग नॉर्वे से तो नहीं आए थे ना मिस्र से आए थे, वो लोग अभी भी आपके मुल्क में घूम रहे हैं। तो ये शिकायत अगर हिंदुस्तानी के दिल में हो तो आपको बुरा नहीं मानना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि भारत ने पहले कई पाकिस्तानी कलाकारों की मेजबानी की है, लेकिन पाकिस्तान ने गायिका लता मंगेशकर को कभी नहीं बुलाया है। जावेद अख्तर ने कहा, “जब फैज़ साहब आए थे, तो उनका चीफ गेस्ट की तरह स्वागत किया गया था। इसे हर जगह प्रसारित किया गया था। हमने नुसरत फतेह अली खान और मेहदी हसन के बड़े कार्यक्रमों की मेजबानी की। आपने (पाकिस्तान) लता मंगेशकर के लिए कभी कोई समारोह आयोजित नहीं किया?”

जावेद अख्तर का ये बयान सुनकर पाकिस्तानी भी ताली बजाने से खुद को नहीं रोक पाए थे।

जावेद अख्तर और कंगना रनौत के रिश्ते

कंगना रनौत और जावेद अख्तर के बीच हमेशा से ही अनबन रही है। साल 2020 में जावेद अख्तर ने एक्ट्रेस कंगना रनौत के खिलाफ मानहानि का मामला दर्द कराया था, क्योंकि कंगना रनौत ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जावेद अख्तर का नाम घसीटा था और टीवी में दिए कई इंटरव्यू में उनके खिलाफ बयान दिया था। इतना ही नहीं कंगना रनौत ने जावेद अख्तर पर इल्जाम लगाया था कि उन्होंने उनसे कहा था कि वो ऋतिक से माफी मांगे न मांगने पर धमकाया भी था।