बॉलीवुड के फेमस गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह देश-दुनिया से जुड़े हर मुद्दे पर अपनी राय खुलकर देते हुए नजर आते हैं। अब हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने सबसे चर्चित सोनम रघुवंशी केस पर भी अपना रिएक्शन दिया है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए कुछ ऐसा कहा जो लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
बता दें कि सोनम रघुवंशी अपने पति राजा रघुवंशी के साथ शादी के बाद मेघालय में हनीमून मनाने गई थी और वहां उन्होंने अपने पति को सुपारी किलर से मरवा दिया। इसके अलावा कुछ महीनों पहले खबर आई थी कि मुस्कान ने अपने पति को मारकर ड्रम में चुनवा दिया था। चलिए जानते हैं कि अब इन दोनों मुद्दों पर जावेद अख्तर ने क्या कहा है।
सोनम रघुवंशी केस पर क्या बोले जावेद
दरअसल, जावेद अख्तर एनडीटीवी के एक इवेंट में शामिल हुए थे, जहां उनसे सोनम रघुवंशी केस को लेकर सवाल किया गया। इस पर गीतकार और लेखक ने कहा, “ये दो औरतों ने अपने हसबैंड को मरवा दिया, तो समाज को झझोड़ दिया गया। आए दिन औरतें जिंदा जलाई जाती हैं। उनकी ये लाइन सुनने के बाद वहां मौजूद लोग ताली बजाने लगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि आए दिन अगर जिंदा नहीं जला दी जाती, तो जिंदगी गुजारती हैं अपने पति के घर में वो मौत से भी बत्तर होती है वो इसलिए कि रोज पीटती हैं वो।”
सोनम की मर्जी से हुई थी उसकी शादी?
इसके आगे उन्होंने कहा, “उससे समाज नहीं झझोड़ा गया। बड़ा बेशर्म है समाज, जो दो औरतों के मर्डर करने पर चौंक पड़ा और इतने सालों से जो मर्द औरतों पर जुल्म कर रहे हैं और आज भी कर रहे हैं। उससे उनकी जूं नहीं रेंगती। जो उन्होंने किया बुरा किया और अगर शादी के इतनी जल्दी बाद किया, तो पता लगा ये कि शादी उसकी मर्जी से हुई थी या नहीं हुई थी।
ये तो बड़ा आसान है, लेकिन ये शादी उस लड़की की मर्जी से थी? क्या इतना आसान है हिन्दुस्तान में एक आम घर में एक छोटे शहर की लड़की के लिए अपने मां-बाप से कहना कि मैं शादी नहीं करूंगी। कह सकती है वो… मैं उसे जस्टिफाई नहीं करता किसी का भी मर्डर करना। पति का भी नहीं।”
वीडियो देखने के बाद लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि लोगों को यह बात समझनी चाहिए कि महिलाओं को बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। एक ने लिखा कि कोई तो बोला स्टार्स में से।