स्क्रीनराइटर जावेद अख्तर का आज जन्मदिन है। वो अपने काम के साथ-साथ बयानों को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। उनकी और एक्ट्रेस शबाना आजमी की शादी को 40 साल हो गए हैं। उनकी शादी का किस्सा काफी मजेदार है, दोनों ने आधी रात को शादी की थी और इसके बारे में उनके करीबी दोस्त एक्टर अनु कपूर ने बताया है। एएनआई को दिए इंटरव्यू में अनु कपूर ने बताया कि जावेद अख्तर शराब के नशे में धुत थे और निकाह के सारे इंतजाम उन्हें करने पड़े थे।
अनु कपूर ने याद किया कि 1984 में एक रात वो जावेद अख्तर, शबाना आजमी के साथ बैठे थे। अनु कपूर ने शबाना आजमी से पूछा कि वो और जावेद शादी क्यों नहीं कर रहे, वो खुलकर इस मामले में कुछ बोल नहीं पाईं, क्योंकि जावेद अख्तर कमिटमेंट के लिए तैयार नहीं थे। अनु ने बताया, “मैंने उन्हें कहा बीबी, कर लो शादी। एक ही बार में फैसला ले लो। जावेद बिल्कुल नशे में थे और शबाना झिझक रही थीं और कह रही थीं, ‘मैं कैसे फैसला ले सकती हूं? जब वो (जावेद) किसी भी तरह का फैसला लेने के लिए तैयार नहीं है।”
अनु कपूर ने कहा कि दोनों कोई फैसले पर नहीं आ रहे थे तो उन्होंने फिर जावेद से बात की और उन्हें शादी के लिए मनाया। जावेद अख्तर शराब के नशे में चूर थे और अनु कपूर ने उन्हें मना लिया। इसके बाद वो अपनी कार ली और बांद्रा के पास एक मस्जिद में गए और शादी के लिए मौलवी कसे बात की। उन्होंने शबाना आजमी की मां और कुछ दोस्तों को बुलाया। बोनी कपूर भी इस शादी का हिस्सा थे।
बता दें कि शबाना आजमी से पहले जावेद अख्तर ने हनी ईरानी से शादी की थी और दोनों के दो बच्चे हैं। जोया अख्तर और फरहान अख्तर। जावेद और हनी की शादी में दिक्कतें आईं और वो अलग हो गए, इसके बाद जावेद को शबाना आजमी से प्यार हुआ।
शराब के आदी थे जावेद अख्तर
एक इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने खुद बताया था कि उन्हें शराब की लत लग गई थी, वो हर रात एक बोतल पी जाते थे। मगर एक वक्त ऐसा आया, जब उन्हें लगा कि ऐसे वो ऐसे अपनी जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं, उन्होंने शराब छोड़ दी। शबाना आजमी भी जावेद की शराब की लत के बारे में बात कर चुकी हैं और उन्होंने कहा था कि वो उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल समय था।