Rishi Kapoor, Irrfan Khan: दो दिग्गज कलाकारों का एक साथ चले जाना हिंदी सिनेमा, वर्ल्ड सिनेमा के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। वहीं देश औऱ फैंस के लिए पहले इरफान खान का और अब ऋषि कपूर का दुनिया को इतनी जल्दी अलविदा कह देना बहुत दुखद खबर है। जब इरफान खान को लेकर खबर आई थी कि उनकी तबीयत खराब है औऱ अचानक पता चला कि इरफान अब इस दुनिया में नहीं रहे, तो लोगों ने साल 2020 को अशुभ कहना शुरू कर दिया। वहीं जब ठीक अगले दिन (30 अप्रैल 2020) सुबह खबर आई कि ऋषि कपूर भी चल बसे तो फैंस के बीच कहा जाने लगा कि बॉलीवुड को ग्रहण लग गया है।
सोशल मीडिया पर दोनों सितारों के फैंस लगातार ट्वीट कर रहे हैं और इरफान-ऋषि कपूर के जाने का शोक मना रहे हैं। कई लोग इस बीच कहते दिखे कि दोनों दिग्गज कलाकारों की मौत एक ही साल एक ही महीने में हुई। इरफान के गुजरने के बाद रात को साढ़े बारह बजे करीब ब्रेकिंग आई कि ऋषि कपूर की तबीयत खराब हो गई है औऱ उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में सब दुआ कर रहे थे कि अभी अभी इंडस्ट्री को इरफान के जाने से झटका लगा है, इसके बाद से ही लोग ट्विटर पर पोस्ट कर के ऋषि कपूर की सलामती की दुआएं मांगते दिखे।
लेकिन सुबह बेरहम घड़ी आई और साथ में बुरी खबर लाई। ऋषि कपूर अब हमारे बीच नहीं रहे। कहा जा रहा है कि दोनों स्टार्स की मौत के बीच अजीब सा इत्तेफाक है।
दोनों गंभीर बीमारी से त्रस्त थे। इरफान खान कैंसर से पीड़ित थे वहीं ऋषि कपूर को भी कैंसर था। दोनों विदेश से वापस ठीक होकर आए थे। इसके बाद इरफान खान ने ठीक होने के बाद फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ से फिल्मों में वापसी की। तो वहीं ऋषि कपूर ने भी ठीक होने के बाद एक फिल्म में काम किया जिसका नाम था- ‘द बॉडी’। इरफान खान की अंग्रेजी मीडियम आखिरी फिल्म साबित हुई।
तो वहीं ऋषि कपूर की भी ‘द बॉडी’ फिल्म आखिरी साबित हुई। इन फिल्मों के बाद दोनों का ही स्वास्थ फिर से गिरने लगा औऱ वह अलग अलग समय पर अस्पतालों में भर्ती हुए। जब इरफान खान का निधन 29 अप्रैल 2020 को हुआ इसके ठीक अगले दिन ऋषि कपूर ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। 24 घंटे में दो बड़े स्टार्स देश औऱ फिल्म इंडस्ट्री ने खो दिए। लॉकडाउन के चलते ज्यादा लोग न इरफान के जनाजे में जुट पाए न ही ऋषि कपूर की अंतिम यात्रा में लोग आ पा रहे हैं। क्योंकि देश में लॉकडाउन की स्थिति बनी हुई है।

