पंजाब के जाने-माने सिंगर, एक्टर और डायरेक्टर परमीश वर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह धहान ने उन्हें फिर से खुली धमकी दी है। कहा है कि 50 फायर तो महज ट्रेलर था। वह 500 गोलियां चलाकर सिंगर की हत्या करेगा। आपको बता दें कि शनिवार (14 अप्रैल) की सुबह परमीश और उनके दोस्त कुलवंत पर हमला हुआ था। मोहाली के सेक्टर-74 में एक शो से लौट रहे थे। उसी दौरान अनजान शख्स ने उन पर और उनके दोस्त पर गोली चलाई थी। परमीश इस हमले में जख्मी हो गए थे। उन्हें फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।

हमले के ठीक बाद गैंगस्टर धहान ने फेसबुक पोस्ट लिखा था। दावा किया था कि परमीश को उसी ने गोली मारी है। गली बार वह परमीश को नहीं बख्शेगा। दिलप्रीत पोस्ट के अनुसार, ‘मैं दिलप्रीत सिंह सबको बताना चाहता हूं कि मैंने ही परमीश वर्मा को मारा है। परमीश देख ले तू कितना भी बच ले, लेकिन आज मेरे हत्थे चढ़ ही गया।’

गैंगस्टर ने इसी के साथ अपने तीन साथियों के नामों का जाहिर भी किया, जिसमें आकाश महाराष्ट्र, हरविंदर सिंग और सुखप्रीत सिंह बुद्धा थे। परमीश पर इन्हीं लोगों ने फायरिंग की थी। फिलहाल उनकी तबीयत में सुधार है। फेसबुक पर उन्होंने फैंस को बताया था कि वह ठीक हो गए हैं। बकौल परमीश, “बाबा नानक की कृपा से मैं ठीक हूं। सभी फैंस को दुआओं के लिए शुक्रिया। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आज मेरी मां जैसे रोई हैं, चाहता हूं कि किसी पंजाबी की मां वैसे न रोएं। सबका भला हो।”

सिंगर पर हमले के बाद मोहाली पुलिस और हिमाचल पुलिस ने संयुक्त आपरेशन चलाया था। पुलिस ने हरविंदर सिंह उर्फ हैपी को गिरफ्तार किया था। हैपी हिमाचल प्रदेश के बद्दी से पकड़ा गया। उस पर कुछ समय पहले बद्दी के एक पत्रकार पर हमला बोलने का आरोप है।

गैंगस्टर के ताजा पोस्ट के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गैंगस्टर दिलप्रीत को इस मामले में नामजद कर लिया गया है। अन्य आरोपी भी जल्द ही काबू किए जाएंगे। परमीश अपने ‘गल नई कडनी’ से सुर्खियों में आए थे। अब वह 2019 में ‘सिंघम’ में बतौर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म बॉलीवुड की सिंघम का पंजाबी रीमेक होगी, जिसके निर्माता अजय देवगन होंगे।