ऋतिक रोशन पिछले काफी समय से अपनी फिल्म ‘वॉर 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसे 14 अगस्त, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला रजनीकांत की ‘कूली’ से था। दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल का प्रदर्शन किया है। ऐसे में अब इनकी रिलीज को 12 दिन हो गए हैं। सैकनिल्क के अनुसार, ‘वॉर 2’ ने 12 दिन में 221.38 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। जबकि इसका बजट करीब 200 करोड़ है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि अभिनेता ने पिछले 8 सालों में एक भी सोलो हिट नहीं दी? ऐसा हम नहीं बल्कि बॉलीवुड एक्टर ने दावा किया है। चलिए बताते हैं।
दरअसल, बॉलीवुड एक्टर केआरके यानी कि कमाल आर खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह सोशल मुद्दे से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स और फिल्मों पर अपनी प्रतिक्रिया देते रहते हैं। ऐसे में अब केआरके ने ऋतिक रोशन को लेकर दावा किया है कि अभिनेता ने पिछले 8 सालों में अभी तक एक भी सोलो हिट नहीं दी है।
केआरके ने एक्स यानी कि ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘ऋतिक रोशन ने पिछले 8 सालों से एक भी सिंगल सोलो हिट नहीं दी है। फिल्म वॉर 2 सोलो हिट नहीं है तो आप इमेजिन कर सकते हो वो कितने बड़े फ्लॉप हैं। जबकि ऋतिक आज भी खउद को एक बिग स्टार मानते हैं और यही सबसे बड़ी समस्या है।’ हालांकि, इस पर ऋतिक के फैंस ने केआरके को आड़े हाथों ले लिया।
ऋतिक रोशन का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
बहरहाल, अगर ऋतिक रोशन की फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट की बात की जाए तो ऐसा नहीं है कि एक्टर ने एक भी सोलो हिट नहीं दी है। लेकिन हां मगर फ्लॉप और एवरेज की संख्या ज्यादा रही है। उनका बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट खास असरदार नहीं रहा है। एक्टर की फिल्म ‘मोहनजोदाड़ो’ (2016) जैसी बिग-बजट फिल्म फ्लॉप रही। इसके बाद उनकी मूवी ‘काबिल’ 2017 में आई, जिसने एवरेज प्रदर्शन किया, लेकिन बड़ी हिट साबित नहीं हुई। वहीं, बाद में रियल स्टोरी पर आधारित फिल्म ‘सुपर 30’ साल 2019 में रिलीज हुई, जिसे खूब सराहना मिली। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल का प्रदर्शन किया था। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म का बजट 60 करोड़ था और इसका भारत का ग्रॉस कलेक्शन 171 करोड़ रहा था। जबकि इसने वर्ल्डवाइड 210 करोड़ की कमाई की थी। ये उस साल की सबसे बड़ हिट साबित हुई थी।
अगर बात करें 2019 में आई ‘वॉर’ की, जो ब्लॉकबस्टर रही थी तो ये उनकी सोलो हिट नहीं थी। बल्कि फिल्म में उनके साथ टाइगर श्रॉफ भी अहम रोल में थे। इसके बाद आई ‘विक्रम वेधा’ (2022) ने भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखाया और फ्लॉप रही। फिर दो साल के इंतजार के बाद ऋतिक रोशन ‘फाइटर’ में दिखे, जिसे 2024 की शुरुआत में रिलीज किया गया था। ये उस साल की हिट फिल्म रही थी। सैकनिल्क के अनुसार, इसका इंडिया नेट कलेक्शन 212.73 करोड़ तो वर्ल्डवाइड 358.83 करोड़ का बिजनेस किया था। ये फिल्म कमर्शियली हिट थी।
ऋतिक रोशन की ‘कृष 4’ पर सबकी नजर
इस तरह पिछले 8 सालों में ऋतिक रोशन की दो सोलो हिट रही लेकिन, ऐसा नहीं रहा जब उनकी किसी फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की हो और वो ब्लॉकबस्टर साबित हुई हो। लेकिन, हां उनकी मल्टीस्टारर फिल्मों को अच्छा रिस्पांस मिला। हाल ही में रिलीज हुई ‘वॉर 2’ ने भी शानदार कलेक्शन किया। इसमें उनके साथ जूनियर एनटीआर भी लीड रोल में थे। ऐसे में अब सभी कि निगाहें ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कृष 4’ पर है। देखना होगा कि उनकी फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हो पाती है या नहीं।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19: टीवी की ये फेमस एक्ट्रेस हैं ‘बिग बॉस 19’ की सबसे छोटी कंटेस्टेंट, संजय दत्त संग कर चुकी हैं काम