भोजपुरी सिनेमा जगत के यंग स्टार अरविंद अकेला कल्लू की शादी को करीब डेढ़ साल का वक्त हो गया है। उन्होंने 26 जनवरी, 2023 को बनारस में शिवानी दुबे के साथ सात फेरे लिए थे। अभिनेता की शादी काफी चर्चा में रही थी। उनके वेडिंग फंक्शन में भोजपुरी के कई सितारों ने शिरकत की थी। इसमें आकांक्षा दुबे, खुशबू गाजीपुरी, रक्षा गुप्ता और अन्य जैसे सितारे पहुंचे थे। वहीं, एक्टर के रिसेप्शन में तो भोजपुरी के दिग्गजों दिनेश लाल यादव निरहुआ, अक्षरा सिंह, समर सिंह और पवन सिंह जैसे स्टार्स का तांता लगा था। ऐसे में अब करीब डेढ़ साल बाद खुलासा हुआ है कि कल्लू ने लव या अरेंज मैरिज की है? साथ ही शादी में कितना दहेज लिया था।

दरअसल, अरविंद अकेला कल्लू को लेकर खुलासा करने वाला कोई और नहीं बल्कि मनीष कश्यप हैं। कल्लू एक बार मनीष कश्यप के पॉडकास्ट में पहुंचे थे, जिसकी एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें मनीष, भोजपुरी स्टार से तीखे सवाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मनीष कश्यप शादी को लेकर कल्लू से सवाल करते हैं कि उन्होंने अरेंज या लव मैरिज क्या किया था? इस पर भोजपुरी स्टार कहते हैं, ‘मैंने अरेंज मैरिज किया था। अरेंज को ही लव कर दिए थे।’

अरविंद अकेला कल्लू को दहेज में क्या मिला?

फिर सामने से मनीष कश्यप, कल्लू से पूछते हैं, ‘दहेज लिए थे?’ इस पर एक्टर कहते हैं, ‘नहीं।’ मनीष कहते हैं, ‘कुछ तो लिए होंगे।’ कल्लू हिचकिचाते हुए कहते हैं, ‘अरे बेटी के पिता खुश होकर जो दे दिए वो ले लिए।’ यूट्यूबर फिर से भोजपुरी स्टार को घेरते हुए कहते हैं, ‘अरे फिर भी कितना?’ कल्लू कहते हैं, ‘पैसा नहीं दिए थे।’ मनीष बार-बार कल्लू से कहते हैं, ‘पैसा कितना मिला? कोई फोर व्हीलर, फॉर्च्यूनर मिली?’ इस पर भोजपुरी एक्टर हंसते हुए कहते हैं, ‘अरे महाराज आपके आशीर्वाद से हमारे पास बहुत कुछ है।’

मनीष यहीं नहीं रुकते हैं। वो कहते हैं, ‘पैसा है आपके पास। ये हमको पता है। आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर का रेट आपको पता है। सरकारी नौकरी का दहेज का रेट पता है। लेकिन, एक गायक और एक्टर का रेट क्या है? वो दहेज का पैसा कितना लेते हैं?’ कल्लू परेशान होकर कहते हैं, ‘देखिए…बड़े भइया की भी शादी हुई थी तो कोई दहेज नहीं लिया गया था।’ मनीष फिर कहते हैं, ‘जब सबका रेट तय है तो एक हिट गायक कितना लेता है। सबकी खबर अखबार में छपती है तो हम भी जानना चाहते हैं कि एक हिट गायक कितना लेता है?’

4 प्रोग्राम से 50 लाख कमा लेंगे- अरविंद अकेला कल्लू

मनीष कश्यप के सवालों में फंसे कल्लू कहते हैं, ‘एक कलाकार को तो पैसे लेना ही नहीं चाहिए। दूसरे का मुझे नहीं पता लेकिन मैं अपना जानता हूं। नहीं लेना चाहिए। दहेज कितना देगा कोई, 20 लाख 25 लाख और 50 लाख। मैं बोल रहा हूं। महाराज एक कलाकार बढ़िया हिट कलाकार है और 4 प्रोग्राम कर दे तो उतना पैसा घर आ जाएगा।’ उनकी बात पर मनीष कहते हैं, ‘4 प्रोग्राम में कल्लू के घर पर 50 लाख रुपए आ जाते हैं। इनके पिता जी उन पैसों की गिनती करते हैं और इनके भाई इन पैसों को बैंक में जमा कर देते हैं।’ उनकी बात को सुनकर भोजपुरी के यंग स्टार जोर से हंसते हैं। भोजपुरी स्टार अरविंद अकेला कल्लू का ये वीडियो वायरल हो रहा है और इसकी खूब चर्चा भी शुरू हो गई कि आखिर एक्टर दहेज के सवाल पर इतना नर्वस क्यों हो रहे थे और उन्होंने कितना दहेज लिया है?

‘सॉफ्टवेयर गड़बड़ था…’, शेफाली जरीवाला और सिद्धार्थ शुक्ला की मौत पर बोले बाबा रामदेव