बीते कई दिनों से हेरा फेरी 3 को लेकर खबरें आ रही हैं। अब सुनील शेट्टी ने कन्फर्म कर दिया है कि फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है। इसके सात ङी उन्होंने बताया कि वह परेश रावल और अक्षय कुमार के साथ दोबारा काम करने के लिए काफी एक्साइटेड हैं। सुनील शेट्टी ने Hera Pheri के पिछले दोनों पार्ट्स में श्याम का किरदार निभाया था। अब उन्होंने लिंक्डइन के जरिए फैंस के साथ ये खबर साझा की है।
सुनील शेट्टी ने लिंक्डइन पर लिखा,”तो आखिरकार बन ही रही है हेरा फेरी 3! परेश रावल और अक्की (अक्षय कुमार) के साथ सेट पर वापस आने का बेसब्री से इंतजार है। सभी अच्छी चीजों की तरह, इसमें भी कुछ समय लगा, लेकिन आखिरकार इस सवाल का जवाब मिलना राहत की बात है। फिल्म में, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल अपने लोकप्रिय कैरेक्टर, राजू, श्याम और बाबूराव को दोहराते हुए दिखाई देंगे।”
उन्होंने लिंक्डइन पर फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर भी बात की। उन्होंने फिल्म की प्रोसेस, इसके निर्माण, वितरण और टीम कैसे पैसा बनाती है, के बारे में बताया। उन्होंने बॉक्स ऑफिस, डिजिटल और सैटेलाइट राइट्स जैसे विभिन्न रेवेन्यू मॉडल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर भी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि ये फिल्म बनने वाली है।
शेट्टी ने हेरा फेरी में रावल और कुमार के साथ अभिनय किया था,जो साल 2000 में रिलीज हुई थी। ये एक कल्ट कॉमेडी है, जो दर्शकों को खूब पसंद आई थी। इसके बाद साल 2006 में इसका सीक्वल आया, जिसका नाम था ‘फिर हेरा फेरी’। इसमें भी शेट्टी ने ही श्याम की भूमिका दोहराई, रावल ने बाबू भैया और अक्षय कुमार राजू के रूप दिखे।
तीसरे भाग पर काफी समय से काम चल रहा है। पिछले साल खबर थी कि इस पार्ट में अक्षय कुमार नजर नहीं आएंगे। कुछ क्रिएटिव मतभेदों के कारण उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया है। हालांकि ऐसा नहीं है, अक्षय कुमार इस फिल्म का हिस्सा होंगे। कुछ दिन पहले अक्षय, सुनील और परेश रावल की सेट से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई थीं। जिसे लेकर कहा जा रहा था कि ये तस्वीरें हेरा फेरी के सेट की हैं।