KGF Star Yash Birthday: साउथ सिनेमा के पॉपुलर एक्टर यश (Yash) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वो कन्नड़ सिनेमा के सबसे महंगे स्टार हैं। वो रातों रात एक फिल्म से घर-घर में पॉपुलर हुए थे। एक्टर आज अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 8 जनवरी, 1986 को हुआ था। आज वो भले ही एक सफल एक्टर के तौर पर गिने जाने जाते हैं और उनकी पॉपुलैरिटी दुनिया भर में है। लेकिन, इस बात को बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि वो किसी फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं आते हैं बल्कि एक मीडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता बस ड्राइवर थे। चलिए यश के जन्मदिन के मौके पर आपको उनकी लाइफ के बारे में बताते हैं…

कन्नड़ सिनेमा के पॉपुलर स्टार यश एक मीडिल क्लास फैमिली से आते हैं। उनके पिता कर्नाटक स्टेट ट्रांसपोर्ट की बस चलाते थे। इतना ही नहीं उनका असली नाम नवीन कुमार गौड़ा (Naveen Kumar Gowda) है। फिल्मों में आने के लिए उन्होंने अपना नाम बदल लिया था। वहीं, खबरों की मानें तो यश बचपन से ही एक्टिंग के लिए पैशनेट थे। वो एक्टिंग के पीछे इस कदर पागल थे कि उन्होंने अभिनय की खातिर अपनी पढ़ाई को बीच में ही छोड़ दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वो केवल 12वीं तक ही पढ़े हैं। इसके बाद वो एक थिएटर ग्रुप से जुड़ गए थे।

बैकग्राउंड आर्टिस्ट और लाइटमैन का भी किया काम

इतना ही नहीं, यश के लिए एक्टिंग में आना कोई आसान बात नहीं थी। उनके इस फैसले से पेरेंट्स काफी नाराज हुए थे। उन्होंने जब फिल्मों में जाने की बात को पेरेंट्स को बताई तो वो सब काफी गुस्सा हो गए थे। वहीं, एक्टर मन बना चुके थे कि उन्हें फिल्मों में ही जाना है। इसलिए, घरवालों की बात का उन पर कोई असर नहीं पड़ा। बाद में आंखों में अभिनेता बनने का सपना सजाए मात्र 300 रुपए लेकर बेंगलुरु चले आए थे। यहां आने के बाद भी चीजें आसान नहीं थीं। यहां उन्होंने काफी स्ट्रगल किया। उन्होंने फिल्मों में आने से पहले बैकग्राउंड आर्टिस्ट और लाइटमैन तक का काम किया।

यूं चमकी यश की किस्मत

यश ने फिल्मों में आने से पहले टीवी सीरियल्स में भी काम किया है। उनका पहला टीवी सीरियल ‘नंद गोकुला’ था। वहीं, उनकी पहली फिल्म ‘जम्भदा हुदुगी’ है। हालांकि, उनकी किस्मत रातों रात तब बदली जब उन्होंने ‘केजीएफ’ में काम किया। इससे उन्हें इंडस्ट्री में ‘रॉकी भाई’ वाली पहचान मिली। फिल्म को 2018 में रिलीज किया गया था और इसने 250 करोड़ का बिजनेस किया था। इसके बाद ‘केजीएफ चैप्टर-2’ से तो उन्होंने धमाल ही मचा दिया। इससे 1000 करोड़ की कमाई की। बहरहाल, अब अगर एक्टर की अपकमिंग फिल्मों की बात की जाए तो वो इन दिनों ‘टॉक्सिक’ को लेकर चर्चा में हैं। चर्चा जोरों पर है कि वो इसके जरिए करीना कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं।

करोड़ों का संपत्ति के मालिक हैं यश

यश भले ही मीडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। मगर, फिल्मों में आने के बाद अब वो लग्जरी लाइफ जीते हैं। उनके पास करोड़ों संपत्ति और महंगी गाड़ियां हैं। उनकी गाड़ियों की बात की जाए तो इसमें ऑडी क्यू 7, बीएमडब्ल्यू, पजेरो स्पोर्ट्स जैसी कारें शामिल हैं। इसके अलावा यश के पास बेंगलुरु में एक आलीशान घर भी है, जिसे लेकर बताया जाता है कि इसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है। अब अगर एक्टर की नेटवर्थ की बात की जाए तो उनके पास अब करीब 53 करोड़ रुपए की संपत्ति है।