भोजपुरी से लेकर टीवी तक का सफर तय करने वाली एक्ट्रेस मोनालिसा (Monalisa) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उनका असली नाम अंतरा बिस्वास है। उन्होंने भोजपुरी के जाने-माने एक्टर विक्रांत सिंह राजपूत से शादी की है। विक्रांत की पॉपुलैरिटी भी किसी से कम नहीं है। उन्होंने ना केवल भोजपुरी में बल्कि टीवी सीरियल्स में भी काम किया है। उन्होंने ‘नच बलिए’ और ‘बिग बॉस’ जैसे रियलिटी शोज और ‘विद्या’ डेली शोप में काम किया है। अब मोनालिसा के पति के बारे में आज उनके जन्मदिन के मौके पर बता रहे हैं। आइए जानते हैं उनकी और एक्ट्रेस की लव लाइफ के बारे में…
मोनालिसा और विक्रांत सिंह की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात भोजपुरी फिल्म ‘दुलहा अलबेला’ के सेट पर हुई थी। इसके बाद उन्होंने ‘प्रेम लीला’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। पहली फिल्म के सेट पर ही दोनों एक्टर्स के बीच नजदीकियां आ गई थीं और प्यार परवान ‘प्रेम लीला’ के सेट पर चढ़ा था। दोनों एक-दूसरे के प्यार में इस कदर गिरफ्तार थे कि फिल्म की शूटिंग के बाद वो एक-दूसरे के बिना रह तक नहीं पा रहे थे। इसके बारे में खुद कपल ने पुराने इंटरव्यूज में शेयर किया है।
9 साल तक गर्लफ्रेंड संग रहे लिव इन में
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विक्रांत सिंह राजपूत उस समय गर्लफ्रेंड रहीं मोनालिसा के साथ पहले 9 सालों तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे थे। एक इंटरव्यू में भोजपुरी एक्ट्रेस ने खुलासा भी किया था कि वो और विक्रांत शादी से पहले पति और पत्नी की तरह साथ रहते थे। बस केवल एक चीज की कमी थी वो है सिंदूर। हालांकि, वो कमी भी बाद में पूरी हो गई।
बिग बॉस में रचाई शादी
विक्रांत सिंह और मोनालिसा के रिलेशनशिप के चर्चे खूब रहे हैं। दोनों ने साथ में सलमान खान के टीवी रियलिटी शो बिग बॉस में शिरकत की थी। यहां इनका प्यार परवान इस कदर चढ़ा कि उन्होंने शो में ही शादी का फैसला किया। 2017 में इनकी शादी सलमान खान के शो में धूम-धाम से हुई थी। हालांकि, इनकी शादी पर ढेरों सवाल उठे थे कि उन्होंने लाइमलाइट के लिए शादी की है, लेकिन अब उनके रिश्ते को 6 साल का वक्त हो चुका है और दोनों आज भी खुशहाल जीवन जी रहे हैं और एकदम नए कपल के जैसे साथ रहते हैं।