शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के साथ ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस काजोल (Kajol) आज अपनी 49वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 5 अगस्त, 1974 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर में करीब 50 फिल्मों में काम किया है। साथ ही वो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी काम कर चुकी हैं। एक्ट्रेस फिल्मों में अपने अभिनय के साथ-साथ चुलबुले अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। शुरुआती दिनों में उनकी आदतों की वजह से अजय देवगन तक उन्हें पसंद नहीं करते थे। लेकिन किस्मत में तो दोनों का मिलन लिखा था, जो होकर ही रहा। ऐसे में आपको एक्ट्रेस के जन्मदिन के मौके पर उनकी आदत और वेडिंग से जुड़ा एक किस्सा बता रहे हैं, जब वो रस्में निभाने के दौरान तक खुद पर काबू नहीं कर पाई थीं। आइए जानते हैं…
काजोल ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो अपनी शादी में काफी निश्चिंत थीं। उन्हें जरा भी कोई टेंशन नहीं थी। उनका परिवार इधर-उधर भाग-दौड़ रहा था। वहीं, एक्ट्रेस इस दौरान के पल को इन्जॉय कर रही थीं। लेकिन शादी की रस्में निभाने के दौरान काजोल काफी बेचैन हो गई थीं। दरअसल, कर्ली टेल्स से बातचीत के दौरान काजोल से उनकी शादी को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि धमाका किया था। अजय देवगन और काजोल का वेडिंग फंक्शन को करीब 50 लोगों के बीच ऑर्गेनाइज किया गया था।
शादी के दौरान तनाव में नहीं थीं काजोल
एक्ट्रेस ने बताया था कि ‘उनकी शादी की सारी प्लानिंग दोनों बहनों ने की थी। सजाने से लेकर निमंत्रण देने तक का सारा काम उन्होंने ही किया था। एक्ट्रेस की पूरी फैमिली तनाव में थी। उधर वो मेकअप के लिए बैठ गई थीं और काफी निश्चिंत थीं। बस सवाल करतीं कि कहां जाना है, क्या करना है, अच्छा ठीक है, कैसे शॉट देना है।’ उनसे इंटरव्यू में ये भी सवाल किया गया कि क्या उन्हें ये किसी फिल्म की शूटिंग जैसा लग रहा था? इस पर उन्होंने जवाब दिया था कि खास मजेदार नहीं था। वो तनावमुक्त थीं लेकिन काफी सीरियस थीं।
शादी के वक्त बेचैन हो गई थीं काजोल
काजोल को उनके चुलबुल अंदाज के लिए भी जाना जाता है। वो ज्यादा देर तक बैठ नहीं सकती थीं और ना ही इंतजार कर सकती थीं। वहीं, जब उन्हें शादी में लंबे समय तक रस्मों के लिए बैठना पड़ा तो वो बेचैन हो गईं और अजय देवगन से कहा था कि ‘वो पंडित से कहें कि जल्दी करें। क्योंकि वो यहां ज्यादा देर तक बैठ नहीं सकती हैं।’
काजोल-अजय देवगन की शादी को हुए 24 साल
काजोल और अजय देवगन की शादी को 24 साल हो गए हैं। दोनों ने 24 फरवरी, 1999 को सात फेरे लिए थे। उनके दो बच्चे युग और बेटी न्यासा हैं। बहरहाल, अगर एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो उन्हें आखिरी बार नेटिफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘द लस्ट स्टोरीज 2’ और ‘द ट्रायल’ में देखा गया था। दोनों ही वेब सीरीज को लेकर एक्ट्रेस काफी चर्चा में रही थीं। ‘द लस्ट स्टोरीज 2’ में उन्होंने इंटीमेट सीन किया था। वहीं, ‘द ट्रायल’ में वो किसिंग सीन देने की वजह से चर्चा में रही थीं।