फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाला हर कलाकार का ये सपना होता है कि वो इस इंडस्ट्री में नाम, पैसा और शोहरत कमा सके। मगर कुछ ही लोग इस सफर में कामयाबी की ऊंचाइयों तक पहुंच पाते हैं, जबकि कई ऐसे होते हैं जो चंद फिल्में करके गुमनामी में खो जाते हैं। वहीं कुछ सितारे ऐसे भी होते हैं जो दशकों तक लोगों के दिलों पर राज करते हैं- ऐसे ही एक दिग्गज अभिनेता हैं जीतेंद्र।

आज जीतेंद्र अपना 83वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका फिल्मी सफर वाकई प्रेरणादायक रहा है। बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों में बॉडी डबल के तौर पर की थी। लेकिन मेहनत और लगन ने उन्हें जल्द ही पहचान दिलाई और फिर वो बन गए बॉलीवुड के ‘जंपिंग जैक’। तीन दशकों तक उन्होंने सिल्वर स्क्रीन पर राज किया और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। खासकर श्रीदेवी और जयाप्रदा के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई। उनकी एनर्जी, स्टाइल और डांस मूव्स आज भी याद किए जाते हैं। एक्टर के जन्मदिन पर नजर डालते हैं उनके यादगार सफर और फिल्मों पर…

जीतेंद्र का जन्म 7 अप्रैल, 1942 को अमृतसर में हुआ था। उनका असली नाम रवि कपूर है और वो एक पंजाबी खत्री परिवार से आते हैं। पिता अमरनाथ और मां कृष्णा कपूर थीं। उनके माता-पिता मुंबई में अपना जूलरी बिजनेस शुरू किया था। बताया जाता है कि ये जूलरी फिल्म इंडस्ट्री में सप्लाई की जाती थी। रवि कपूर उर्फ जीतेंद्र ने पढ़ाई मुंबई में की थी। उनका बचपन से ही फिल्मों और एक्टिंग में मन लगता था। वो राजेश खन्ना के क्लासमेट थे। उन्होंने करियर की शुरुआत शांताराम की फिल्म में बॉडी डबल का रोल प्ले करके की थी। इसमें वो एकदम फिट बैठ गए थे। बाद में कुछ फिल्मों में बतौर जूनियर आर्टिस्ट बनकर काम किया। फिर वो मौका भी आ गया जब उन्हें उनकी पहली फिल्म मिल गई। इसे देने वाले कोई और नहीं बल्कि शांताराम ही थे। उन्होंने ही एक्टर को रवि कपूर से जीतेंद्र बनाया था। पहली फिल्म ‘गीत गाया पत्थरों ने’ साल 1964 में रिलीज हुई थी और ये हिट रही थी।

Jeetendra Birthday

Photo- Express Archives

साउथ की 80 रीमेक में काम करने वाले इकलौते हीरो

जीतेंद्र बॉलीवुड के ऐसे एक्टर हैं, जो साउथ के 80 रीमेक में काम करने वाले पहले अभिनेता हैं। उन्होंने इन रीमेक्स के जरिए सक्सेस हासिल की है। जीतेंद्र का बनाया हुआ ये रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया। उन्हें उनकी एक्टिंग के लिए ही नहीं बल्कि डांसिंग के लिए भी जाने जाते हैं। इसकी वजह से उन्हें जंपिंग जैक के नाम से जाना जाता है। उनकी 80 फिल्मों के रीमेक की बात की जाए तो इसमें ‘हिम्मतवाला’, ‘तोहफा’, ‘मकसद’, ‘स्वर्ग से सुंदर’, ‘मवाली’, ‘दोस्ती दुश्मनी’ सहित कई फिल्में शामिल हैं।

121 हिट फिल्मों में किया है काम

इसके साथ ही जीतेंद्र की प्रोफेशनल लाइफ की बात की जाए तो उनका बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने करीब 121 फिल्में हिट दी है। उनकी जोड़ी श्रीदेवी, जया प्रदा, हेमा मालिनी, रीना रॉय और रेखा के साथ खूब जंची है। 2000 के बाद एक्टर ने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया। आज वो इवेंट्स और पार्टी में नजर आते हैं।