बॉलीवुड एक्ट्रेस जया बच्चन (Jaya Bachchan) अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए जानी जाती हैं। वो इंडस्ट्री की एक ऐसी शख्सियत हैं, जो कि सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं। साथ ही गलत चीजों का विरोध करने में जरा भी कसर नहीं छोड़ती हैं। वो कभी-कभी ही किसी मुद्दे पर बोलती हैं, मगर जब भी बोलती हैं तो सामने वाले की बोलती बंद कर देती हैं। उनका यही स्वभाव कोई आज का नहीं बल्कि ये तो शुरू से ही उनके अंदर है। वो फिल्मों में भी स्किन दिखाने के शुरू से ही खिलाफ रही हैं। साथ ही उन्हें पार्टी और इवेंट में भी जाना पसंद नहीं है। ऐसे में आपको उनसे जुड़ा एक किस्सा बता रहे हैं जब मेकर ने उनके साथ गंदा सीन फिल्माने की कोशिश की तो उसका निष्कर्ष क्या हुआ?
दरअसल, आज हम जया बच्चन के बारे में उनके जन्मदिन के मौके पर बात कर रहे हैं। वो आज अपना 75वां जन्मदिन मना रही हैं। जया को शुरू से ही फिल्मों में अपनी स्किन शो करना पसंद नहीं था। वो इसे अच्छा नहीं मानती थीं। ऐसे में जब फिल्म ‘एक नजर’ में मेकर ने उन पर दुष्कर्म का सीन फिल्माना चाहा तो सब चौपट हो गया था। और तो और विलेन की पिटाई जो हुई वो अलग से। इस किस्से के बारे में आपको बताते हैं, जिसके बारे में खुद एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में बताया था।
अपने फैसले से नहीं हिलीं जया बच्चन
मामला कुछ ऐसा होता है कि फिल्म में एक्टर सुधीर के किरदार को जया बच्चन के किरदार के साथ दुष्कर्म करना होता है। इस सीन को लेकर एक्ट्रेस को डायरेक्टर ने बताया था कि उनके कपड़े फाड़े जाने हैं। इस पर वो आगबबूला हो गई थीं और ऐसा करने से मना किया था। उनके और डायरेक्टर (बाबू दा) के बीच बहस भी हुई थी। वहीं, मेकर ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर वो ऐसा नहीं करेंगी तो फिल्म को रोक दिया जाएगा। लेकिन फिर भी जया को कोई फर्क नहीं पड़ा। वो अपने फैसले पर अडिग थीं। वो भी तैयार थीं कि फिल्म भले बंद हो जाए मगर ये काम नहीं करेंगी। प्रोड्यूसर ने आर्टिस्ट एसोसिएशन तक के पास जाने की धमकी दे दी थी मगर फिर भी उनका जवाब था कि ‘जो मन में आए करो’।
दो दिन तक बंद रही शूटिंग
जया बच्चन ने इसे लेकर सभी से झगड़ा मोल ले लिया था। साथ ही एक्ट्रेस ने ये तक धमकी दे दी थी कि अगर उनके साथ जबरदस्ती की गई तो वो सब खराब कर देंगी और फिल्म डूब जाएगी। इस बहस के बाद फिल्म की शूटिंग कैंसिल हो गई थी। दो दिन तक इस पर काम नहीं हुआ। फिर इसमें पूरे मामले में बीच-बचाव के लिए अमिताभ बच्चन को आना पड़ा। उन्होंने जया को काफी समझाया। स्क्रिप्ट का हवाला दिया। जैसे-तैसे वो मान गईं। लेकिन अभी मुसीबत और बड़ी आने वाली थी।
विलेन की आई शामत
डायरेक्टर ने जया बच्चन से कहा था कि वो नेचुरल सीन फिल्माएंगे और उन्हें केवल एक्टिंग करने के लिए कहा था। इसके बाद बेचारे विलेन की शामत आ गई थी। जैसे ही वो दुष्कर्म वाले सीन को करने गया तो इस दौरान जया बच्चन ने उसकी इतनी शिद्दत से पिटाई कर दी कि उसने उनके साथ गंदा काम करने से मना कर दिया। यहां तक कि हाथ जोड़ लिए।