एक्टर, मॉडल, प्रोड्यूसर और ब्यूटी क्वीन दीया हैंडरिच का जन्म एक जर्मन पिता और बंगाली हिंदू मां के घर 9 दिसंबर 1981 को हैदराबाद के तेलंगाना में हुआ था। उनके पिता फ्रैंक हैंडरिच म्यूनिख के एक इंडस्ट्रियल डिजायनर, आर्किटेक्ट, कलाकार और इंटीरीयर डिजायनर हैं। वहीं उनकी मां दीपा इंटीरीयर डिजायनर के साथ ही लैंडस्केपर हैं। फिलहाल दिया की मां समाजिक कार्यकर्ता हैं जो शराब और ड्रग के आदी लोगों की मदद करती हैं। जब दीया की उम्र केवल साढ़े चार साल थी तभी उनके पैरेंट्स का तलाक हो गया था। इसके बाद उनकी मां ने अहमद मिर्जा से दूसरी शादी कर ली थी जो हैदराबाद के रहने वाले थे। इसके बाद उनका नाम दीया मिर्जा पड़ गया था। इस साल एक्ट्रेस अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं।

हैदराबाद के खैरातबाद में रहते हुए दिया विद्यानारायण हाई स्कूल में पढ़ा करती थीं। इसके बाद उन्होंने नस्र स्कूल में एडमिशन लिया। जहां से उन्हें एक्टिंग करने का आत्मविश्वास मिला। उन्होंने साल 2000 में मिस एशिया पैसेफिक के खिताब को अपने नाम किया था। उसी साल प्रियंका चोपड़ा को मिस वर्ल्ड और लारा दत्ता को मिस यूनिवर्स का खिताब मिला था। साल 2011 में रहना है तेरे दिल में के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको बताते हैं उनसे जुड़े कुछ दिलचस्प तथ्य।

1.फिल्मों में करियर बनाने से पहले दीया ने नीरज मल्टीमीडिया स्टूडियो नाम के मीडिया फर्म में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव का काम किया था। उस समय उन्हें 5000 रुपए सैलरी के तौर पर मिलते थे।

2. साल 2006 में दिया को कस्टम विभाग ने कर चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

3. अपने सामाजिक कार्यों के लिए दीया को काफी सराहना मिली हैं। वातावरण में उनके योगदान को देखते हुए साल 2012 में आईफा ने उन्हें ग्रीन अवॉर्ड से सम्मानित किया था।

4. साल 2014 में दीया ने अपने लंबे समय से बिजनेस पार्टनर रहे साहिल सांगा के साथ दिल्ली में शादी कर ली थी।

5. दीया को बहुत सारी डिशेज बनाना अच्छा लगता है। उनकी पसंदीदा डिश हैदराबादी बिरयानी है। इसके अलावा उन्हें पंजाबी खाना भी पसंद है।

6. दीया का बोर्न फ्री एंटरटेनमेंट नाम से एक प्रोडक्शन हाउस है। इसके अलावा वो कैंसर पेशेंट्स एड एसोसिएशन की सक्रिय सदस्य हैं और हर साल 2-4 कैंसर पीड़ितों को गोद लेती हैं।