70 के दशक में एक से बढ़कर एक हीरोइन रही हैं। इसमें कई तो ऐसी रही हैं, जिन्होंने शादी के बाद फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया और कुछ अपने अंतिम समय तक इंडस्ट्री में एक्टिव रही हैं। भले उन हीरोइनों ने चकाचौंध की दुनिया को अलविदा कह दिया मगर अपने काम के लिए वो आज भी जानी जाती हैं। इसी में एक एक्ट्रेस और फैशन आइकन रहीं बबीता (Babita) हैं। वो कपूर खानदान की बहू और करिश्मा-करीना की मां भी हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर आपको उनके बारे में बता रहे हैं। चलिए जानते हैं एक्ट्रेस के बारे में कुछ दिलचस्प बातें…
बबीता ने फिल्मों में साल 1966 में आई फिल्म ‘दस लाख’ से करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने छोटे से करियर में महज 19 फिल्में की थी। बबीता को पहला ब्रेक निर्माता जीपी सिप्पी ने दिया था। उस फिल्म का नाम ‘राज’ था। इसमें उनके अपोजिट राजेश खन्ना ने लीड रोल प्ले किया था। हालांकि, ये फिल्म नहीं चल पाई थी। इसके बाद वो एक्टर जितेंद्र के साथ फिल्म ‘फर्ज़’ में नजर आई थीं, जो कि हिट रही थी। बबीता ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में दी थी। इसमें ‘किस्मत’, ‘तुमसे अच्छा कौन है’ और ‘हसीना मान जाएगी’ जैसी मूवीज शामिल हैं।
इस फिल्म से बढ़ीं नजदीकियां
साल 1971 में बबीता की सबसे अहम फिल्म रही थी, जिसने उनकी जिंदगी ही बदल दी। वो कोई और नहीं बल्कि ‘कल आज और कल’ थी। इसमें उनके साथ एक्टर रणधीर कपूर थे। बतौर लीड एक्टर उनकी ये पहली फिल्म थी। इसका निर्देशन भी उन्होंने खुद ही किया था। इस मूवी से ही बबीता और रणधीर का प्यार परवान चढ़ा था। कहा जाता है कि इसकी शूटिंग के दौरान इनके बीच नजदीकियां आई थीं। कहा जाता है कि बबीता को एक्टर को पाने की चाहत इस कदर थी कि उन्होंने अपना करियर तक दांव पर लगा दिया था। 6 नवंबर, 1971 को दोनों ने शादी कर ली थी और तब ये तय हो चुका था कि वो बड़े पर्दे से दूरियां बना लेंगी।

शादी के बाद बबीता ने 25 जून, 1974 को बड़ी बेटी करिश्मा कपूर और 21 सितंबर, 1980 को दूसरी बेटी करीना कपूर (Kareena Kapoor) को जन्म दिया था। हालांकि, इस बीच रणधीर और बबीता के रिश्तों में अनबन आने शुरू हो गए थे और तो और वो अपनी दोनों बेटियों को लेकर पति से अलग रहने लगी थीं। अब आप सोच रहे होंगे कि इसकी वजह क्या थी। दरअसल, इसकी वजह रणधीर कपूर की गंदी आदतें थी।
गंदी आदतों के शिकार थे रणधीर कपूर
खबरों की मानें तो कुछ समय पहले ही रणधीर कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘बबीता को बाद में चला था कि रणधीर एक बुरे आदमी थे। वो शराब पीते थे और घर पर भी लेट से आते थे। ये सब बातें थी, जो बबीता को रणधीर की जरा भी पसंद नहीं थी। वहीं, एक्टर भी वैसे नहीं रहना चाहते थे जैसे उनकी वाइफ चाहती थीं। भले ही इनकी लव मैरिज थी मगर एक्ट्रेस उन्हें ऐसे कबूल नहीं कर पा रही थीं। इसलिए, बबीता ने उनसे अलग रहने का फैसला कर लिया।’
ना दिया तलाक ना ही की दूसरी शादी
बबीता और रणधीर कपूर (Babita And Randhir Kapoor) के रिश्ते में भले ही अनबन थी, मगर दोनों ने एक-दूसरे से कभी अलग होकर ना ही दूसरी शादी की थी और ना ही तलाक लिया था। तलाक की खबरों को लेकर जब रणधीर से एक इंटरव्यू में पूछा गया था तो उन्होंने बताया था कि जब ना ही उन्हें दोबारा शादी करनी थी और ना ही उनकी वाइफ को तो वो एक-दूसरे को तलाक क्यों दें?